‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता-निर्देशक ने एक और विवादित विषय पर शुरू की नई फिल्म, पहला पोस्टर जारी

‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता अमित जानी और निर्देशक भरत एस. श्रीनाते ने एक बार फिर एक संवेदनशील और विवादित विषय पर आधारित फिल्म की शुरुआत कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
‘उदयपुर फाइल्स’ के निर्माता-निर्देशक ने एक और विवादित विषय पर शुरू की नई फिल्म

‘उदयपुर फाइल्स' के निर्माता अमित जानी और निर्देशक भरत एस. श्रीनाते ने एक बार फिर एक संवेदनशील और विवादित विषय पर आधारित फिल्म की शुरुआत कर दी है. उनकी नई फिल्म ‘कल्कि संभल' का पहला पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें फिल्म के प्रमुख किरदारों का परिचय दिया गया है. फिल्म की कहानी 1978 के संभल दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है और इसमें समकालीन संदर्भ भी जोड़े गए हैं. पोस्टर के अनुसार, फिल्म में दो प्रमुख विलेन किरदार हैं. पहला किरदार ‘अब्बाजान' का है, जिस पर 1978 में राजनीतिक लाभ के लिए दंगे भड़काने का आरोप दिखाया गया है. दूसरा किरदार ‘भाईजान' का है, जिस पर वर्ष 2024 में संभल में हिंसा भड़काने का आरोप कहानी के माध्यम से लगाया गया है.

‘अब्बाजान' की भूमिका जाने-माने अभिनेता महेश मांजरेकर निभा रहे हैं, जबकि ‘भाईजान' के किरदार में अभिनेता विजय राज नजर आएंगे. फिल्म में संभल के एसपी अर्जुन बिश्नोई नामक एक अहम किरदार भी शामिल है, जिसे एक चर्चित अभिनेता निभा रहे हैं. हालांकि इस अभिनेता की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है और इसे अगले पोस्टर में उजागर करने की बात कही गई है.

फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनाते कर रहे हैं और निर्माण अमित जानी द्वारा किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि अमित जानी इससे पहले फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स' को लेकर देशभर में विवादों में रहे थे. उस फिल्म पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ नफरत भड़काने, तथ्यों के चयनात्मक प्रस्तुतीकरण और संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के आरोप लगे थे. कई संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उस फिल्म को समाज में ध्रुवीकरण बढ़ाने वाला करार दिया था, जबकि निर्माताओं ने इसे “सत्य आधारित” बताकर बचाव किया था.

‘कल्कि संभल' के पोस्टर के साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह फिल्म भी वास्तविक घटनाओं की निष्पक्ष पड़ताल करेगी या फिर एक बार फिर विवादित नैरेटिव को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया जाएगा. आने वाले दिनों में इसके कंटेंट और दृष्टिकोण को लेकर चर्चा और बहस तेज होने की संभावना है.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Raghav Chadha Quits AAP: कौन हैं AAP के 7 बगावती सांसद? | Swati Maliwal | Arvind Kejriwal |Breaking