166 साल पुराने रूसी लोकगीत से इंस्पायर्ड वो गाना, फिल्म में एक्टिंग करने वाले थे करण जौहर-इम्तियाज अली, ऊषा उत्थुप ने बनाया सुपरहिट

ऊषा उत्थुप को अपने करीब 40 साल लंबे करियर का पहला बड़ा फिल्म अवॉर्ड जिस गाने के लिए मिला, उसकी कहानी बेहद दिलचस्प है. बहुत कम लोग जानते हैं कि इसकी धुन 166 साल पुराने एक रूसी लोकगीत से प्रेरित थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
रुसी लोकगीत से इंस्पायर्ड है यह बॉलीवुड गाना

कई बार किसी फिल्मी गाने के पीछे ऐसी कहानी छिपी होती है, जो खुद किसी फिल्म से कम नहीं लगती. ऊषा उत्थुप के इस सुपरहिट गाने की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. करोड़ों लोगों ने इस गाने को सुना, गुनगुनाया और खूब पसंद किया, लेकिन इसकी असली कहानी आज भी बहुत कम लोग जानते हैं. दिलचस्प बात ये है कि इस गाने की धुन 166 साल पुराने एक रूसी लोकगीत से प्रेरित थी. यही गाना ऊषा उत्थुप के करीब 40 साल लंबे करियर का सबसे बड़ा मोड़ भी बना. अपनी दमदार आवाज से दशकों तक लोगों का दिल जीतने वाली इस सिंगर को पहला बड़ा फिल्म अवॉर्ड भी इसी गाने के लिए मिला. यही वजह है कि इस गाने का किस्सा आज भी उतना ही दिलचस्प माना जाता है, जितना इसका संगीत.

रूसी लोकगीत से जुड़ा है गाने का राज

फिल्म '7 खून माफ' का मशहूर गाना 'डार्लिंग... आंखों से आंखें चार कर ले' रूस के लोकप्रिय लोकगीत 'कालिन्का' से इंस्पायर्ड माना जाता है. इस लोकगीत को रूसी संगीतकार इवान लारियोनोव ने साल 1860 में लिखा था. रूस में आज भी 'कालिन्का' सबसे मशहूर लोकगीतों में गिना जाता है और कई खास मौकों पर गाया जाता है. इसी धुन को भारतीय अंदाज में ढालकर हिंदी सिनेमा का एक यादगार गाना बनाया गया.

फिल्म के एक किरदार से आया आइडिया

'7 खून माफ' की कहानी में प्रियंका चोपड़ा का किरदार सात शादियां करता है. उसके पतियों में से एक रूसी शख्स अलेक्जेंडर भी होता है. बताया जाता है कि इसी किरदार को देखते हुए ऊषा उत्थुप के मन में रूसी लोकधुन इस्तेमाल करने का विचार आया. उन्होंने अपना सुझाव निर्देशक और संगीतकार विशाल भारद्वाज को बताया. विशाल भारद्वाज को ये आइडिया पसंद आया और उसी धुन से प्रेरित होकर 'डार्लिंग' गाना तैयार किया गया.

सिर्फ गाना नहीं, फिल्म में भी आईं नजर

ऊषा उत्थुप ने इस फिल्म में सिर्फ अपनी आवाज ही नहीं दी, बल्कि एक्टिंग भी की. उन्होंने फिल्म में मैगी का किरदार निभाया. बताया जाता है कि विशाल भारद्वाज ने खुद उन्हें इस रोल का प्रस्ताव दिया था. ऊषा ने तुरंत हामी भर दी और पहली बार दर्शकों ने उन्हें सिंगिंग के साथ एक्टिंग करते हुए भी देखा. वहीं बहुत कम जानते हैं कि फिल्म में सात पतियों के किरदारों में से दो रोल पहले करण जौहर और इम्तियाज अली को ऑफर किए गए थे, जिसे उन्होंने रिजेक्ट कर दिया था.

इसी गाने ने खत्म किया 40 साल का इंतजार

'डार्लिंग... आंखों से' गाने को ऊषा उत्थुप और रेखा भारद्वाज ने मिलकर गाया था. रिलीज होते ही ये गाना लोगों की जुबान पर चढ़ गया. सबसे खास बात ये रही कि इसी गाने ने ऊषा उत्थुप को उनके पूरे करियर का पहला बड़ा फिल्म अवॉर्ड दिलाया. फिल्म के क्रेडिट में विशाल भारद्वाज ने रूसी लोकगीत 'कालिन्का' और उसके ओरिजिनल सोर्स का भी जिक्र किया था. एक पुराने रूसी लोकगीत से निकली धुन ने हिंदी सिनेमा में ऐसा जादू चलाया कि आज भी इस गाने का नाम सबसे यादगार गीतों में लिया जाता है.

यह भी पढ़ें: जवान दिखने की चाह ने बना दिया हैवान, ओटीटी पर आई 2024 की सबसे डिस्टर्बिंग फिल्म, लोग बीच में ही बंद कर रहे टीवी

Advertisement
Featured Video Of The Day
चंदा चोरी को शराब घोटाले से जोड़ा! स्टूडियो में आर-पार के मूड में पैनलिस्ट
Topics mentioned in this article
Usha Uthup
Darling Song
Bollywood