रामायणम् फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को आने वाला है. ये फिल्म शुरुआत से ही चर्चा में रही है. दर्शक ये जानने के लिए एक्साइटेड हैं कि रामायण के अहम केरेक्टर्स को कौन कौन से सितारे निभा रहे हैं. करीब 4000 करोड़ रुपये की इस मेगा फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में कई ऐसे किरदार भी हैं जिनका रामायण की कहानी में खास महत्व है. इनमें महर्षि अगस्त्य भी शामिल हैं. वनवास के दौरान महर्षि अगस्त्य ही भगवान राम को दिव्य अस्त्र-शस्त्र देते हैं. इस अहम किरदार को निभाने वाले एक्टर वही हैं जिन्होंने अपने करियर की पहली फिल्म के लिए 50 दिनों तक नहाना तक छोड़ दिया था.
पहली ही फिल्म के लिए 50 दिनों तक नहीं नहाए
हम बात कर रहे हैं एक्टर मुकेश तिवारी की. राजकुमार संतोषी की फिल्म चाइना गेट से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था. पहली ही फिल्म में उन्हें एक खौफनाक डाकू का रोल मिला और उसे असली दिखाने के लिए उन्होंने खुद को पूरी तरह किरदार में ढाल लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुकेश तिवारी करीब 50 दिनों तक नहाए नहीं थे. ताकि उनका लुक बिल्कुल जंगलों में रहने वाले डाकू जैसा लगे. हालांकि सेट पर मौजूद लोगों को बदबू से परेशानी न हो इसलिए वो अपने ऊपर खूब परफ्यूम लगाते थे. कई दिनों तक उन्होंने दाढ़ी और बाल भी नहीं कटवाए. पहाड़ियों में शूटिंग के दौरान उनका रफ लुक इतना असली लगता था कि लोग उन्हें देखकर चौंक जाते थे.
Photo Credit: social media
कॉमिक रोल से हुए हिट
चाइना गेट के बाद मुकेश तिवारी ने कई फिल्मों में काम किया. लेकिन गोलमाल सीरीज के वसूली भाई बनकर उन्हें नई पहचान मिली. अब वो अपने करियर के एक और बड़े पड़ाव पर पहुंच चुके हैं. नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' में वो महर्षि अगस्त्य की भूमिका निभाते नजर आएंगे. रामायण में महर्षि अगस्त्य को सबसे महान ऋषियों में गिना जाता है. वनवास के दौरान भगवान राम, सीता और लक्ष्मण उनके आश्रम पहुंचते हैं. महर्षि अगस्त्य भगवान राम को दिव्य अस्त्र शस्त्र देते हैं. माना जाता है कि रावण से युद्ध में वो अस्त्र शस्त्र भगवान राम की बड़ी ताकत बने थे.