शादी की पहली रात का वो गाना, जिसकी गलती से कमरे के बाहर हो गई थी शूटिंग, 30 साल पहले लोग नहीं पकड़ पाए गलती, सल्लू-लोलो ने बनाया हिट

सलमान खान और करिश्मा कपूर का यह सुपरहिट गाना जिस रोमांटिक पल के लिए लिखा गया था, डायरेक्टर की एक गलती ने उसकी पूरी कहानी ही बदल दी थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सलमान-करिश्मा का यह गाना हुआ था सुपरहिट

साल 1996 में रिलीज हुई ‘जीत' उस दौर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है. सनी देओल, सलमान खान, करिश्मा कपूर, अमरीश पुरी और आलोक नाथ जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि इसके गानों ने भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. करीब 6 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 30 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था. नदीम-श्रवण के संगीत और समीर अंजान के लिखे गीत आज भी 90 के दशक की बेहतरीन रोमांटिक धुनों में गिने जाते हैं. हालांकि, फिल्म का एक सुपरहिट गाना ऐसी गलती का शिकार हुआ, जिसका अफसोस खुद गीतकार समीर को आज तक है.

‘अभी सांस लेने की फुर्सत नहीं है…' के पीछे छिपा दिलचस्प किस्सा

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में गीतकार समीर अंजान ने फिल्म ‘जीत' के मशहूर गाने ‘अभी सांस लेने की फुर्सत नहीं है…' से जुड़ा एक अनसुना किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि यह गीत किसी पहाड़, झरने या स्विट्जरलैंड की खूबसूरत वादियों के लिए नहीं लिखा गया था. इसकी कल्पना एक नई-नई शादीशुदा जोड़ी की सुहागरात के बेहद निजी और रोमांटिक पल को ध्यान में रखकर की गई थी. गाने के बोल भी उसी भाव को दर्शाते हैं, लेकिन स्क्रीन पर इसकी प्रस्तुति बिल्कुल अलग दिखाई देती है.

राज कंवर की एक गलती ने बदल दिया पूरा सीन

समीर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक राज कंवर स्विट्जरलैंड में थे और उनके पास उस समय फिल्माने के लिए कोई दूसरा गाना नहीं था. ऐसे में उन्होंने इस रोमांटिक ट्रैक को ही खुली लोकेशन पर शूट करने का फैसला कर लिया. जब समीर ने तैयार गाना देखा तो वह हैरान रह गए. उन्होंने राज कंवर से कहा कि जिस गीत को बंद कमरे के भावनात्मक माहौल में फिल्माया जाना था, उसमें हीरो-हीरोइन अलग-अलग पहाड़ियों पर नजर आ रहे हैं. उनके मुताबिक, इससे गाने का असली भाव और गहराई पूरी तरह कमजोर पड़ गई.

गीतकार बोले- गाने की आत्मा कहीं खो गई

समीर ने इंटरव्यू में कहा कि गाने के बोल दो प्रेमियों की नजदीकियों को बयां करते हैं, लेकिन स्क्रीन पर सलमान खान और करिश्मा कपूर पहाड़ों, फूलों और झरनों के बीच दिखाई देते हैं. उनका मानना है कि शादी के बाद आने वाले इस गीत को बेडरूम में फिल्माया जाता तो इसका असर कहीं ज्यादा गहरा होता. उन्होंने यह भी कहा कि एक गीतकार अपनी कल्पना के अनुसार शब्द लिख सकता है, लेकिन उसे किस तरह फिल्माया जाएगा, यह पूरी तरह निर्देशक का फैसला होता है. बावजूद इसके, ‘अभी सांस लेने की फुर्सत नहीं है…' आज भी ‘जीत' के सबसे यादगार और पसंद किए जाने वाले गानों में शुमार है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रेखा की गोद में बैठा है 90s का वो सुपरस्टार, जिसने चूर-चूर कर दिया था शाहरुख-सलमान का स्टारडम, सालों बाद देख खुशी से झूमे फैंस

Featured Video Of The Day
Dharmendra Pradhan का इस्तीफा और CJP और छात्रों को लेकर Rahul ने अब क्या कहा?
Topics mentioned in this article
Karisma Kapoor
Salman Khan
Entertainment
Bollywood