17 साल पुराना वो गाना, छत्तीसगढ़ की ददरिया लोक परंपरा से निकल बॉलीवुड पहुंची धुन, शहरों पर चढ़ा देहाती रंग, बना शादी-ब्याह में लेडीज की पहली पसंद

कभी ददरिया लोक परंपरा की पहचान रही ये धुन बॉलीवुड पहुंचकर ऐसी मशहूर हुई कि हर तरफ इसका देसी रंग छा गया. 17 साल पुराना ये गाना आज भी शादी-ब्याह की महफिलों की जान बना हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
रेखा भारद्वाज का यह गाना आज भी है कल्ट क्लासिक

साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘दिल्ली-6' का गाना ‘ससुराल गेंदा फूल' आज भी सुनते ही पैर थिरकाने लगता है. रेखा भारद्वाज की दमदार आवाज, देसी बोल और एआर रहमान के संगीत ने इस गाने को ऐसा रंग दिया कि यह शहरों से लेकर शादियों तक हर जगह सुनाई देने लगा. लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि बॉलीवुड का यह मशहूर गाना असल में छत्तीसगढ़ की पुरानी लोक परंपरा से निकला था. इसकी जड़ें 1970 के दशक के छत्तीसगढ़ी लोकगीत में मिलती हैं. यानी जिसे लोग बॉलीवुड का गाना समझते रहे, उसकी कहानी हिंदी सिनेमा से कई दशक पहले शुरू हो चुकी थी. 

70 के दशक में लिखी गई थी इसकी कहानी

‘ससुराल गेंदा फूल' की मूल धुन को छत्तीसगढ़ी कवि गंगाराम शिवारे से जोड़ा जाता है, जबकि इसकी धुन भुलवाराम यादव ने तैयार की थी. भुलवाराम यादव ने इसे जोशी बहनों- रमा, रेखा और प्रभा को सिखाया. इसके बाद यह गीत छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक कार्यक्रमों, रेडियो और शादियों में लोकप्रिय हुआ. हबीब तनवीर के ‘नया थिएटर' से भी इस लोकगीत का जुड़ाव रहा.

इस लोक परंपरा में नई दुल्हन के ससुराल के अनुभवों को हल्के-फुल्के अंदाज में बताया जाता है. सास, ननद, देवर और पति के साथ रिश्तों की नोकझोंक गीत का हिस्सा बनती है. यही वजह है कि इसकी धुन में देसीपन के साथ एक खास संवाद वाली मिठास सुनाई देती है. इसे छत्तीसगढ़ी ददरिया शैली से भी जोड़ा जाता है. 

रघुवीर यादव ने सुनाई धुन, रहमान ने दिया नया रंग

‘दिल्ली-6' के लिए इस लोकधुन को सामने लाने में अभिनेता और लोक कलाकार रघुवीर यादव की भूमिका बताई जाती है. उन्होंने यह धुन फिल्म की टीम तक पहुंचाई. इसके बाद एआर रहमान ने इसे अपने संगीत अंदाज में ढाला. फिल्म के लिए प्रसून जोशी ने बोलों में बदलाव किए, ताकि हिंदी दर्शकों के लिए गाना आसानी से समझ में आए. गाने को रेखा भारद्वाज, श्रद्धा पंडित और सुजाता मजूमदार ने आवाज दी. लोकधुन में आधुनिक संगीत का रंग जुड़ा और ‘ससुराल गेंदा फूल' देखते ही देखते फिल्म के सबसे चर्चित गानों में शामिल हो गया. गाने में अभिषेक बच्चन, सोनम कपूर समेत फिल्म के कई कलाकार नजर आए. 

Advertisement

‘दिल्ली-6' की स्टार कास्ट और बॉक्स ऑफिस

राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी ‘दिल्ली-6' में अभिषेक बच्चन और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में थे. फिल्म में वहीदा रहमान, ऋषि कपूर, सुप्रिया पाठक, अदिति राव हैदरी, ओम पुरी, दिव्या दत्ता, विजय राज, दीपक डोबरियाल और पवन मल्होत्रा जैसे कलाकार भी शामिल थे. फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया था. 

फिल्म की कहानी और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की तुलना में इसका संगीत ज्यादा यादगार साबित हुआ. आंकड़ों के मुताबिक ‘दिल्ली-6' ने भारत में करीब 30.70 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में करीब 49.55 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन किया था. आज 17 साल बाद भी ‘ससुराल गेंदा फूल' की लोकप्रियता बताती है कि लोक संगीत जब अपनी मिट्टी की खुशबू के साथ बड़े मंच तक पहुंचता है, तो वह सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं रहता, बल्कि कई पीढ़ियों की याद बन जाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 35 साल पुराना वो गाना, जब जुम्मे का वादा कर मुकर गई थीं किमी काटकर, अमिताभ-कविता-सुदेश की जुगबंदी, Millennials के लिए आज भी है 90s की जान

Topics mentioned in this article
Abhishek Bachchan
Rekha Bhardwaj
Dilli 6
Entertainment
Bollywood