सुप्रीम कोर्ट पहुंचा संजय कपूर प्रॉपर्टी विवाद, प्रिया कपूर सचदेव समेत 22 लोगों को नोटिस

यह पूरा विवाद संजय कपूर के निधन के बाद शुरू हुआ. संजय कपूर अपने पीछे करीब 30 हजार करोड़ रुपए की बड़ी संपत्ति छोड़ गए हैं. इसी संपत्ति और वसीयत को लेकर बहन मंधिरा कपूर का दावा है कि वसीयत में कई गड़बड़ियां हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
संजय कपूर प्रॉपर्टी विवाद में नया अपडेट
Social Media
नई दिल्ली:

दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की करोड़ों की संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. संजय कपूर की मां रानी कपूर की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने प्रिया कपूर सचदेव समेत 22 पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.  बताया जा रहा है कि रानी कपूर ने अपनी याचिका में मांग की है कि संजय कपूर की संपत्तियों, एस्टेट और दूसरी परिसंपत्तियों में किसी भी तरह के हस्तक्षेप पर रोक लगाई जाए. उनका कहना है कि जब तक पूरा मामला अदालत में लंबित है, तब तक संपत्ति को सुरक्षित रखा जाना बेहद जरूरी है.

याचिका में आशंका भी जताई गई कि अगर समय रहते संपत्ति को संरक्षित नहीं किया गया, तो उसके बिखरने या गलत तरीके से इस्तेमाल होने का खतरा भी है. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रिया कपूर सचदेव सहित 22 लोगों को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है. हालांकि अदालत ने इस दौरान दोनों पक्षों को यह सलाह भी दी कि वे आपसी सहमति और मध्यस्थता के जरिए विवाद को सुलझाने की कोशिश करें.

रानी कपूर ने अपनी याचिका में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों को भी चुनौती दी है. उनका कहना है कि अब तक हाईकोर्ट की तरफ से संपत्ति और एस्टेट को सुरक्षित रखने के लिए कोई ठोस आदेश जारी नहीं किया गया है. इसी वजह से उन्हें सुप्रीम कोर्ट का रुख करना पड़ा.

दरअसल, यह पूरा विवाद संजय कपूर के निधन के बाद शुरू हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय कपूर अपने पीछे करीब 30 हजार करोड़ रुपए की बड़ी संपत्ति छोड़ गए हैं. इसी संपत्ति और वसीयत को लेकर बहन मंधिरा कपूर का दावा है कि वसीयत में कई गड़बड़ियां हैं और इसमें परिवार के कुछ सदस्यों, खासकर करिश्मा कपूर और उनके बच्चों के अधिकारों को नजरअंदाज किया गया है.

Advertisement

वहीं दूसरी तरफ प्रिया कपूर सचदेव की तरफ से कहा गया कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत काम कर रही हैं और उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं. इस पूरे विवाद ने इसलिए भी ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, क्योंकि संजय कपूर का नाम बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से भी जुड़ा रहा है. संजय कपूर ने साल 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे हैं. हालांकि बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेव से शादी की थी.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
'मुझे अचानक फोन आया...' : बांकीपुर से BJP उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा
Topics mentioned in this article
Sunjay Kapur
Sunjay Kapur Property Case
Sunjay Kapur Wife
Sunjay Kapur Karisma Kapoor
Sunjay Kapur Kids
Priya Kapoor
Rani Kapoor