अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने रियलिटी शो 'लॉकअप 2: सच या सजा' को अलविदा कह दिया है. शो से बाहर आने के बाद उन्होंने आईएएनएस से इस पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उनका बाहर होना गेम में कमजोर पड़ने की वजह से नहीं बल्कि बिगड़ती सेहत के कारण हुआ. उनका कहना है कि अगर उनकी डायबिटीज नहीं बढ़ती, तो वह शो में लंबे समय तक बनी रहतीं और अपना दमदार खेल दिखातीं.
आईएएनएस द्वारा पूछे गए एक सवाल पर सुनीता ने कहा, "नहीं, मुझे कभी नहीं लगा कि गेम मेरे हाथ से निकल रहा है. अगर मुझे स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं होती, तो मैं और भी गेम खेलती. मुझे डायबिटीज है और शो के दौरान मेरा शुगर लेवल काफी बढ़ गया था. इसी वजह से मुझे शो छोड़ना पड़ा." उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका बाहर होना किसी रणनीति या मानसिक दबाव का नतीजा नहीं था बल्कि पूरी तरह से स्वास्थ्य से जुड़ा फैसला था. उनका मानना है कि यदि वह स्वस्थ रहतीं, तो दर्शकों को उनका एक अलग और मजबूत रूप देखने को मिलता.
बातचीत के दौरान सुनीता से जब पूछा गया कि वह अपनी बेबाक और निडर छवि के लिए जानी जाती हैं, लेकिन शो में उनका वह अंदाज ज्यादा देखने को नहीं मिला. इस सवाल पर उन्होंने कहा कि शो में जाने से पहले लोगों को लगा था कि वह घर के अंदर खूब झगड़े करेंगी और विवादों का हिस्सा बनेंगी लेकिन वहां का माहौल उनकी सोच से बिल्कुल अलग था.
यह भी पढ़ें: कीमोथेरेपी के तुरंत बाद अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर पहुंचीं नफीसा अली, बोलीं- 'सबके प्यार ने सारी थकान मिटा दी'
सुनीता ने कहा, "मुझे इस टैग के साथ अंदर भेजा गया था कि मैं लड़ाई-झगड़ा करूंगी लेकिन वहां सभी कंटेस्टेंट्स मेरा बहुत ख्याल रखते थे. उन्होंने मुझे इतना प्यार और सम्मान दिया कि मेरे लिए उनसे लड़ना संभव ही नहीं था. अगर मैं उनसे थोड़ा भी झगड़ा करती, तो लोग मुझे ही गलत समझते और पागल कहने लगते."
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते सुनीता आहूजा ने शो से बाहर होने का फैसला लिया. हालांकि, उनकी विदाई को यादगार बनाने के लिए शो के निर्माताओं ने एक खास सरप्राइज भी रखा. इस दौरान उनके पति गोविंदा और उनकी बेटी टीना शो में पहुंचे. परिवार से मिलकर सुनीता इमोशनल हो गईं. उनके साथ सोशल मीडिया स्टार रियाज अली ने भी शो को अलविदा कहा.