राजकुमार राव अब पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की भूमिका निभाने जा रहे हैं. फिल्म का टाइटल आखिरकार सामने आ गया है.जिसका नाम "दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी" है. राजकुमार राव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करके इसकी जानकारी दी. पोस्ट में क्लैपबोर्ड की तस्वीर थी, जिसमें फिल्म का नाम साफ दिख रहा था. उन्होंने लिखा, "और ये शुरू हो गया... द वन एंड ओनली #DADA". फिल्म की शूटिंग आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है. निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने ने भी कोलकाता के ईडन गार्डन्स से अपडेट शेयर किया. उन्होंने सौरव गांगुली स्टैंड की तस्वीर पोस्ट की.
राजकुमार राव ने शुरू की ट्रेनिंग
राजकुमार राव ने बताया कि वे इस रोल के लिए काफी नर्वस हैं, लेकिन उतने ही एक्साइटेड भी हैं. उन्होंने कहा, "मैं नर्वस हूं... ये बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन मजा भी आने वाला है." वे बंगाली लहजे को स्क्रीन पर सही ढंग से उतारने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं. उनकी पत्नी पत्रलेखा बंगाली होने के कारण उन्होंने घर पर ही इस भाषा को सीखा है.
ये भी पढ़ें: 69 साल की उम्र में ऐसे बॉडी बनाते दिखे अनिल कपूर, वर्कआउट वीडियो देख यंगस्टर भी हो जाएंगे हैरान
सौरव गांगुली ने जाहिर की खुशी
सौरव गांगुली ने भी राजकुमार राव के चुने जाने पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है सही व्यक्ति ये रोल कर रहा है... मैं उन्हें सब कुछ में मदद करूंगा." गांगुली ने यह भी बताया कि राजकुमार राव के अलावा कोई और उन्हें बेहतर नहीं निभा सकता.
यह फिल्म सौरव गांगुली की जिंदगी पर आधारित होगी. इसमें कोलकाता की गलियों से लेकर भारतीय क्रिकेट की ऊंचाइयों तक की उनकी पूरी यात्रा दिखाई जाएगी. फिल्म लव फिल्म्स प्रोड्यूस कर रही है और इसमें बंगाली कलाकारों को भी जगह दी जाएगी ताकि कहानी ज्यादा असली लगे. फिल्म दिसंबर 2026 में थिएटरों में रिलीज होने वाली है.