नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग' ने इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा रखी है. शो में जहां टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश नजर आ रहे हैं, वहीं सबसे ज्यादा सुर्खियां दुबई के कारोबारी सतीश संपाल और उनकी पत्नी तबिंदा संपाल बटोर रहे हैं. उनकी शाही जिंदगी, करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल ने लोगों को हैरान कर दिया है. इंटरनेट पर शो की कई क्लिप्स वायरल हो रही हैं, जिनमें सोने के गिफ्ट, आलीशान घर और हाई-प्रोफाइल पार्टियों की झलक देखने को मिल रही है. खास बात यह है कि सतीश खुद को ऐसा शख्स बताते हैं, जिसके पास बॉलीवुड खुद चलकर आता है.
80 हजार लेकर पहुंचे दुबई, आज अरबों के मालिक
मध्य प्रदेश के जबलपुर से ताल्लुक रखने वाले सतीश संपाल की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने केवल 8वीं तक पढ़ाई की थी और कम उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था. कहा जाता है कि किशोरावस्था में उन्होंने भारत में छोटी-मोटी दुकानदारी से कमाई शुरू की थी. बाद में बड़े सपनों के साथ वह करीब 80 हजार रुपये लेकर दुबई पहुंचे.
दुबई में शुरुआती संघर्ष के बाद उन्होंने बिजनेस की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बना ली. आज सतीश ANAX होल्डिंग के फाउंडर और चेयरमैन हैं. उनकी गिनती दुबई के चर्चित भारतीय मूल के बिजनेसमैन में होती है. उनकी पत्नी तबिंदा संपाल भी बिजनेस वर्ल्ड में एक्टिव हैं और ANAX कैपिटल की फाउंडर-डायरेक्टर बताई जाती हैं.
बुर्ज खलीफा में घर, बेटी को मिली लग्जरी कार
सतीश और तबिंदा की लाइफस्टाइल सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है. कपल दुबई की सबसे प्रतिष्ठित इमारत बुर्ज खलीफा में रहते हैं. इसके अलावा दुबई हिल्स इलाके में उनका एक शानदार पेंटहाउस भी बताया जाता है. उनकी आलीशान पार्टियों में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी अक्सर देखने को मिलती है.
कपल उस वक्त भी चर्चा में आया था, जब उन्होंने अपनी एक साल की बेटी बेला को कस्टमाइज्ड पिंक रोल्स रॉयस गिफ्ट की थी. सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें काफी वायरल हुई थीं. सतीश का कहना है कि उन्हें गोल्ड खरीदने का शौक है और वह अपनी पत्नी को हर साल करीब 3 किलो सोना गिफ्ट करते हैं.
‘पति के पैर दबाने' वाले बयान पर मचा बवाल
शो में तबिंदा संपाल का एक बयान इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है. उन्होंने बताया कि वह रोज सुबह सतीश के उठने से पहले उनके पैरों की मसाज करती हैं. तबिंदा का मानना है कि ऐसा करने से घर में बरकत और लक्ष्मी आती है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने यह रिवाज कभी मिस नहीं किया.
उनकी इस बात पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया. कुछ यूजर्स ने इसे प्यार और सम्मान बताया, जबकि कई लोगों ने इसे ओवरड्रामेटिक करार दिया. वहीं, तबिंदा के 40 किलो सोना होने वाले दावे ने भी लोगों को चौंका दिया. अब ‘देसी ब्लिंग' के जरिए यह कपल इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले हाई-प्रोफाइल चेहरों में शामिल हो चुका है.
यह भी पढ़ें: 90s का बॉडी बिल्डिंग क्रेज संजय दत्त ने किया शुरू, सलमान खान ने लगाई आग