क्रिकेट और सिनेमा का रिश्ता बहुत पुराना है. हालांकि, इस बीच क्रिकेटर्स और एक्ट्रेसेस के बीच अफेयर्स की खबरों ने ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं. लेकिन इस दौरान दोस्ती के किस्से भी कुछ कम नहीं है. ऐसी ही एक खास दोस्ती से मलयालम सिनेमा के जाने-माने एक्टर टोविनो थॉमस ने पर्दा उठाया है. उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन (Sanju Samson) उनके बहुत पक्के दोस्त हैं. थॉमस ने कहा कि संजू की उपलब्धियां उनके लिए सिर्फ एक फैन की खुशी नहीं, बल्कि एक पर्सनल एहसास जैसी हैं, क्योंकि दोनों कई सालों से करीबी दोस्त हैं और एक ही राज्य से आते हैं.
मैच देखने के लिए फिल्म भी छोड़ दी
टोविनो थॉमस ने एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया कि वर्ल्ड कप के दौरान वो अपने दोस्तों के साथ F1 Movie देखने थिएटर गए थे. लेकिन उसी समय संजू सैमसन का इंपोर्टेंट मैच चल रहा था, जिसे वो मिस नहीं करना चाहते थे. उन्होंने कहा, 'मैं फिल्म देखने गया था, लेकिन मेरा ध्यान पूरी तरह मोबाइल पर मैच देखने में था. ये वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉकआउट मैच था. जब तक मैच खत्म नहीं हुआ, मैंने फिल्म पर ध्यान ही नहीं दिया, भले ही स्क्रीन पर ब्रैड पिट नजर आ रहे थे.' टोविनो ने बताया कि संजू की सफलता उन्हें बेहद खास लगती है. उन्होंने कहा, 'संजू की हर अचीवमेंट मुझे काफी खुशी देती है, क्योंकि वो सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि मेरे करीबी दोस्त भी हैं.'
देर रात मुलाकात
दोनों की दोस्ती कितनी गहरी है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में संजू सैमसन ने रात 11 बजे टोविनो को फोन किया और उनसे मिलने उनके शूटिंग लोकेशन पर पहुंच गए. टोविनो ने बताया कि इसके बाद दोनों ने रात 2 बजे तक साथ समय बिताया और लंबी बातचीत की. असल में दोस्ती की सबसे खास बात भी यही होती है. जब एक दोस्त अपने जीवन में ऊंचाइयां छू रहा होता है, तो दूसरा उसे अपनी सफलता मान लेता है.
टोविनो थॉमस के बारे में
जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि टोविनो थॉमस जाने माने मलयालम एक्टर हैं. उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 2018 है, जिसने 176 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया. वहीं A.R.M.उनकी पहली सोलो 100 करोड़ क्लब फिल्म है, जिसने 106 करोड़ वर्ल्डवाइड कमाए. इसके अलावा Thallumaala (47 करोड़) किया है.