सैफ अली खान पर हुए हमले की रात वो और उनके फैन्स दोनों नहीं भुला सकते हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने इस पर खुल कर बात की है. उन्होंने उस रात के हर पल को याद करते हुए बताया कि जब वो जमीन पर गिर पड़े थे. तब उन पर क्या बीत रही थी. और उस दौरान उनके बच्चों का हाल कैसा था. जिसे सुनकर आप भी यही महसूस करेंगे कि सैफ अली खान एक खौफनाक रात से गुजरे हैं. जब मौत के कदम उनके बच्चों के कमरे तक पहुंच गए थे. तब परिवार को बचाने की कोशिश में उन्हें कई चाकू के वार झेलने पड़े. सैफ की ये आपबीती सुनकर हर कोई इमोशनल हो रहा है.
परिवार को बचाने के लिए भिड़ गए सैफ
सैफ अली खान ने 'मोजो स्टोरी' को दिए इंटरव्यू में बताया कि घटना की शुरुआत उस वक्त हुई.जब उनके घर की नैनी घबराई हुई उनके पास आई और कहा कि कोई व्यक्ति जेह के कमरे में चाकू लेकर खड़ा है. बताया गया कि हमलावर बाथरूम की खिड़की के रास्ते घर में घुसा था. ये सुनते ही सैफ बिना देर किए बेटे के कमरे की ओर दौड़े. वहां उनकी हमलावर से हाथापाई हो गई. इस दौरान हमलावर ने जेह और नैनी को भी हल्की चोट पहुंचाई. परिवार को बचाने की कोशिश में सैफ हमलावर से भिड़े रहे और वार पर वार झेलते रहे. उन्हें कुल छह गंभीर चोटें आईं. जिनमें से एक वार उनकी रीढ़ की हड्डी के बेहद करीब था. सैफ ने कहा कि उस वक्त उन्हें सिर्फ अपने परिवार की चिंता थी.
'क्या आप मरने वाले हो?' तैमूर का सवाल आज भी याद है
सैफ ने बताया कि हमले के बाद वो खून से लथपथ थे और जमीन पर गिर पड़े थे. उसी पल उन्हें लगा कि शायद वो अब नहीं बच पाएंगे. अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान उन्होंने बड़े बेटे तैमूर को भी साथ चलने के लिए कहा. रास्ते में तैमूर ने मासूमियत से उनसे पूछा, क्या आप मरने वाले हो? ये सवाल आज भी उनके दिल को छू जाता है. एक्टर ने कहा कि वो दिल से हमलावर को माफ करना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि शायद उससे बहुत बड़ी गलती हुई. हालांकि उन्होंने ये भी माना कि जिस व्यक्ति ने उनकी जान लेने की कोशिश की. उसे पूरी तरह भुला पाना आसान नहीं है. बता दें कि इस मामले में मुंबई पुलिस ने 30 साल के मोहम्मद शरीफुल इस्लाम नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था.