सैफ अली खान ने ‘कर्तव्य’ के पवन सिंह और ‘ओमकारा’ के लंगड़ा त्यागी की तुलना पर तोड़ी चुप्पी

ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मीडिया से बातचीत में सैफ ने कहा कि अगर दोनों किरदारों में कोई कनेक्शन है तो वो यह है कि ‘ओमकारा’ ने फिल्ममेकर्स को उनकी एक्टिंग रेंज दिखाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Saif Ali Khan Breaks Silence on Comparison Between Kartavya Pawan Singh and Omkara Langda Tyagi

सैफ अली खान एक बार फिर अपने नए किरदार को लेकर चर्चा में हैं. उनकी आने वाली ड्रामा फिल्म ‘कर्तव्य' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने उनके किरदार पवन सिंह की तुलना ‘ओमकारा' में निभाए गए उनके यादगार रोल लंगड़ा त्यागी से करनी शुरू कर दी. खासतौर पर उनकी देसी बोली, संवाद अदायगी और ग्रामीण अंदाज ने लोगों को ‘ओमकारा' की याद दिला दी. ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मीडिया से बातचीत में सैफ ने कहा कि अगर दोनों किरदारों में कोई कनेक्शन है तो वो यह है कि ‘ओमकारा' ने फिल्ममेकर्स को उनकी एक्टिंग रेंज दिखाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. उन्होंने कहा, “लोग मुझे अक्सर एक सिटी बैकग्राउंड वाला इंसान मानते हैं, जो अंग्रेज़ी में पॉलिश्ड बोलता है. ऐसे में संभव है कि निर्देशक पुलकित ने ‘ओमकारा' देखकर सोचा हो कि मैं एक रूटेड किरदार भी निभा सकता हूं.”

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में रिलीज होगी 'द बंगाल फाइल्स', ममता सरकार ने जताया था विरोध

सैफ ने आगे बताया कि ‘ओमकारा' ने उनके करियर की दिशा बदल दी थी. उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर एक्टर्स को जल्दी जज कर लिया जाता है और उन्हें एक इमेज में बांध दिया जाता है. “यह मेरे लिए बड़ी बात है क्योंकि लोग बहुत जल्दी तय कर लेते हैं कि कोई अभिनेता किस तरह का रोल कर सकता है और किस तरह का नहीं,” उन्होंने कहा.

सैफ ने इस मौके पर निर्देशक विशाल भारद्वाज का आभार जताते हुए कहा कि ‘ओमकारा' ने उन्हें एक अलग पहचान दी. “उस फिल्म के बाद लोगों ने मुझे एक अभिनेता के तौर पर गंभीरता से लेना शुरू किया. इसके लिए मैं विशाल का शुक्रगुजार हूं,” सैफ ने कहा. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि आज भी उन्हें हैरानी होती है कि विशाल भारद्वाज ने उन्हें ‘दिल चाहता है' देखने के बाद ‘लंगड़ा त्यागी' जैसा किरदार ऑफर कैसे किया. “मुझे आज तक समझ नहीं आता कि ‘दिल चाहता है' के बाद उन्होंने मुझे लंगड़ा त्यागी के लिए क्यों चुना, लेकिन अच्छा हुआ उन्होंने चुना,” सैफ ने हंसते हुए कहा.

पवन सिंह और लंगड़ा त्यागी की तुलना पर सैफ ने साफ किया कि दोनों किरदार अलग हैं, लेकिन बोली और संवाद की टेक्सचर दर्शकों को ‘ओमकारा' की याद दिला सकती है. उन्होंने कहा, “ऐसे किरदारों के साथ एक खास आवाज़ और टेक्सचर जुड़ा होता है. इंसान की भाषा और बोलने का तरीका उसकी जगह और बैकग्राउंड से आता है. जब आप उसे सही पकड़ लेते हैं तो किरदार ज्यादा असली लगता है.”

Advertisement

सैफ ने यह भी बताया कि उन्हें देसी बोली और लोकल डायलैक्ट में काम करना पसंद है. “एक जनरल भाषा होती है जो सब समझ लेते हैं, लेकिन जब आप किसी किरदार के लिए उसकी रूटेड आवाज़ खोजते हैं, तो वो ज्यादा संतोष देता है. मुझे वो प्रक्रिया बहुत पसंद है,” उन्होंने कहा.

हालांकि दर्शकों की तुलना को समझते हुए भी सैफ ने दोहराया कि पवन सिंह, लंगड़ा त्यागी से बिल्कुल अलग किरदार है. उन्होंने कहा कि दर्शक शायद उन्हें एक तय इमेज में देखते हैं, इसलिए जब वे अलग अंदाज में नजर आते हैं तो तुलना होने लगती है. गौरी खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी ‘कर्तव्य' में सैफ के साथ संजय मिश्रा, ज़ाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Prateek Yadav Death: Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक यादव की मौत पर बड़ा खुलासा!