फिल्म स्टार और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने एनडीटीवी से अपनी आने वाली फिल्म मामला लीगल है' के साथ साथ 'धुरंधर' फिल्म के विवाद और पश्चिम बंगाल चुनाव पर बात की है. नेटफ्लिक्स की सीरीज मामला लीगल है सीजन 2 को लेकर बताया कि कैसे वो जज की भूमिका में सच्ची घटनाओं पर आधारित घटनाओं पर फैसला देते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि वो अपने पिता के निधन पर रो नहीं पाए थे, लेकिन इस फिल्म में कुछ ऐसा हुआ कि वो अपने पिता के निधन को याद कर रोने लगे. रवि किशन ने और क्या कहा आइए जानते हैं.
धुरंधर 2 विवाद पर क्या बोले रवि किशन
रवि किशन धुरंधर 2 को प्रोपेगंडा बताए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहते हैं कि फिल्म को फिल्म रहने देना चाहिए. कुछ लोगों ने विवाद खड़ा करने की नीयत से प्रोपेगंडा शब्द का इस्तेमाल करके फिल्म को बदनाम करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि जो कहानी दिखाई गई है, वो सब सच्ची घटना है और कागजों में दर्ज है. घूसखोर पंडित और यादव जी की लव स्टोरी विवाद पर रवि किशन का मानना है कि किसी के सेंटीमेंट्स को छेड़ना फिल्मों का काम नहीं होता. ऐसे में दुख पहुंचाने वाले नाम या कंटेंट से बचना जरूरी है.
बंगाल चुनाव और योगी आदित्यनाथ पर बयान
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर रवि किशन दावा करते हैं कि बंगाल की जनता अब टीएमसी से छुटकारा पाना चाहती है और इसलिए इस बार वहां बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ के रवि किशन पर मजाक करने के सवाल पर वो कहते हैं कि ये उनका सौभाग्य है कि गंभीर रहने वाले महाराज जी उनके साथ होने पर अपना तनाव भूल हल्के अंदाज़ में दिखाई देने लगते हैं.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की इस खूबी के फैन हैं रवि किशन, मामला लीगल है सीजन 2 के ट्रेलर लांच पर जमकर की तारीफ