ईद 2026 इस बार रणवीर सिंह लूट ले गए हैं. रणवीर सिंह की धुरंधर 2 सिनेमाघरों में रिलीज हुई और आठ दिन के अंदर 1100 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है. बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर द रिवेंज का तूफानी सफर जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और भी रिकॉर्ड टूटने का इंतजार कर रहे हैं. रणवीर सिंह की एक्टिंग और आदित्य धर के डायरेक्शन की हर जगह तारीफ की जा रही है. अब ईद 2026 पर तो बॉलीवुड की एक फिल्म कमा ले गई, लेकिन दिवाली 2026 और क्रिसमस 2026 अभी बाकी हैं, आइए जानते हैं इन दो त्योहारों पर बॉलीवुड के वो कौन एक्टर हैं जो अपनी फिल्मों के साथ लौट रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान की पहली हीरोइन, 38 साल पहले SRK के साथ आईं थीं नजर, कसौटी जिंदगी के का रहीं हिस्सा
दिवाली 2026 पर 4000 करोड़ की फिल्म
दिवाली की बात करें तो इस बार की दिवाली धमाकेदार रहने की उम्मीद है. दिवाली पर एक ऐसी फिल्म रिलीज होने जा रही है जिसका बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इस फिल्म का नाम है रामायण. इस रामायण के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हैं जबकि इसका निर्देशन दंगल फेम डायरेक्टर नितेश तिवारी कर रहे हैं. फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी हैं जो राम और सीता के किरदार निभा रहे हैं. फिल्म में सनी देओल हनुमान के रोल में हैं जबकि केजीएफ फेम एक्टर यश रावण के रोल में हैं. फिल्म को दुनियाभर में भव्य स्तर पर रिलीज किया जाएगा. फिल्म की एक झलक हनुमान जयंती के मौके पर 2 अप्रैल को रिलीज होगी.
क्रिसमस 2026 किसके नाम
क्रिसमस शाहरुख खान अपने नाम करने की तैयारी में हैं. क्रिसमस 2026 पर शाहरुख खान की फिल्म किंग रिलीज होगी. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसमें सुहाना खान भी नजर आएंगी. फिल्म एकदम एक्शन से भरपूर है और शाहरुख खान का अतरंगी अंदाज भी इसमें देखने को मिलेगा. डंकी के बाद शाहरुख खान की यह पहली फिल्म होगी. ऐसे में उनके फैन्स में फिल्म को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट है.
बेशक ईद पर धुरंधर धुआं उड़ा चुकी है. लेकिन असली टेस्ट तो दिवाली और क्रिसमस पर होगा जब साल 2026 की दो बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देंगी, तब देखना मजेदार होगा कि कितने रिकॉर्ड बनते हैं और कितने टूटते हैं.