भारतीय सिनेमा के लिए 99वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण' के मेकर्स ने इसे ऑस्कर में विचार के लिए भेजा है. NDTV को एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स की दौड़ में शामिल करने के लिए आवेदन किया गया है. खास बात यह है कि यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब मराठी फिल्म ‘गोंधल' को ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है.
आठ ऑस्कर जीत चुकी है फिल्म से जुड़ी VFX कंपनी
‘रामायण' को ऑस्कर की दौड़ में भेजने के पीछे फिल्म से जुड़ी कंपनी का अनुभव भी खास है. फिल्म के निर्माण से जुड़ी VFX कंपनी हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के लिए काम कर चुकी है और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में आठ ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी है. ऐसे में जब इसी कंपनी के सामने अपने देश की संस्कृति और परंपरा से जुड़ी इतनी बड़ी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने का मौका हो, तो उसके निर्माता इस दिशा में कदम उठाने से पीछे क्यों रहते?
‘रामायण' सिर्फ एक पौराणिक कहानी पर बनी फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और पहचान से भी जुड़ी है. जिस तरह हॉलीवुड ने ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी काल्पनिक दुनिया और कहानियों को वैश्विक दर्शकों के सामने पेश किया, उसी तरह ‘रामायण' को भी भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं की भव्यता का जवाब माना जा रहा है. ऐसे में फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल करना उसके निर्माताओं के लिए सिर्फ एक अवॉर्ड की कोशिश नहीं, बल्कि भारतीय कहानी और सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहुंचाने की दिशा में भी एक कदम है.
भारत की आधिकारिक एंट्री न होने के बावजूद ऑस्कर में जा सकती है फिल्म
भारत की तरफ से किसी एक फिल्म को आधिकारिक तौर पर भेजे जाने का मतलब यह नहीं है कि दूसरी भारतीय फिल्में ऑस्कर की दौड़ में शामिल नहीं हो सकतीं. एकेडमी के तय नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली कोई भी फिल्म स्वतंत्र रूप से विचार के लिए आवेदन कर सकती है. इसके लिए उसे भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने की जरूरत नहीं होती.
ऑस्कर की सामान्य कैटेगरी में जगह बनाने के लिए फिल्मों को एकेडमी की निर्धारित थिएट्रिकल रिलीज की शर्तें पूरी करनी होती हैं. इसके तहत फिल्म का अमेरिका के कुछ तय महानगरीय क्षेत्रों में लगातार सात दिनों तक सिनेमाघरों में प्रदर्शन जरूरी है. इन क्षेत्रों में लॉस एंजिलिस काउंटी, न्यूयॉर्क सिटी, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा शामिल हैं. इस दौरान हर दिन निर्धारित संख्या में शो भी होने चाहिए.
यह शर्त पूरी होने के बाद फिल्म के निर्माता या डिस्ट्रीब्यूटर एकेडमी के ऑनलाइन पोर्टल पर जनरल एंट्री फॉर्म जमा कर सकते हैं. इसके साथ थिएटर में फिल्म के प्रदर्शन से जुड़े दस्तावेज और फिल्म की क्रेडिट संबंधी जानकारी भी देनी होती है.
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के नियमों में भी बदलाव
इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में अब तक प्रक्रिया कुछ अलग रही है. परंपरागत रूप से इस श्रेणी में हर देश की तरफ से केवल एक फिल्म भेजी जाती थी. इसके लिए संबंधित देश की मान्यता प्राप्त चयन समिति फिल्म का चुनाव करती थी. भारत की ओर से भी इसी प्रक्रिया के तहत हर साल एक फिल्म को आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना जाता है.
हालांकि, एकेडमी ने अब अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के लिए एक और रास्ता खोल दिया है. इसके तहत कुछ चुनिंदा प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में विशेष पुरस्कार जीतने वाली फिल्मों को अपने देश की आधिकारिक चयन प्रक्रिया से गुजरे बिना भी इस कैटेगरी में विचार के लिए पात्रता मिल सकती है.
इसी नए नियम के चलते इस साल भारतीय सिनेमा की एक और फिल्म को फायदा मिला है. नागा भाषा की फिल्म ‘अंग' को 2026 के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड मिलने के बाद इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में विचार के लिए पात्रता हासिल हुई है. इस तरह ‘गोंधळ' भारत की आधिकारिक एंट्री है, जबकि ‘अंग' ने भी अपने स्तर पर ऑस्कर की इस श्रेणी तक पहुंचने का रास्ता बनाया है.
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘रामायण' का शानदार प्रदर्शन
उधर, ‘रामायण: पार्ट 1' सिनेमाघरों में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने छठे दिन तक भारत में 403.95 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई करीब 673.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद अब फिल्म के मेकर्स ने इसे ऑस्कर की दौड़ में शामिल करने की दिशा में कदम बढ़ाया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं