राजपाल यादव की जिंदगी को देखते हुए वो कहावत एकदम सटीक बैठती है जिसमें हर सफल आदमी के पीछे एक औरत का हाथ होने की बात कही जाती है. जीवनसाथी के मामले में वह काफी लकी रहे हैं. उनकी जिंदगी में पहले करुणा आईं. साल 1991 में उनकी शादी हुई. शादी के एक साल बाद बच्ची को जन्म देते वक्त उनकी मौत हो गई. इस सदमे से उबरने में उन्हें वक्त लगा. जिंदगी को दूसरा मौका देने की बारी आई तो राधा का हाथ थामा. राधा और राजपाल यादव ने साल 2003 में शादी की और इसके बाद से राधा हर उतार-चढ़ाव में उनके साथ खड़ी रही हैं. राधा और राजपाल की दो बेटियां हैं लेकिन जिम्मेदारी वो 15 बच्चों की संभालती हैं.
यह भी पढ़ें: राजपाल यादव भतीजी की विदाई पर हुए भावुक, बिटिया को दी ये सीख- देखें इमोशनल वीडियो
15 बच्चों के पापा है राजपाल यादव, कौन हैं राधा भाभी
राजपाल यादव की तीन बेटियां हैं. पहली पत्नी से एक बेटी और फिर राधा से उनकी दो बेटियां हैं लेकिन परिवार के 15 बच्चों के लिए वह पिता समान हैं और राधा उनकी मां से कम नहीं. ये बच्चे राजपाल यादव के अपने बच्चे नहीं हैं लेकिन इनसे नाता तो खून का ही है. खून का नाता इसलिए क्योंकि ये सभी राजपाल यादव के भाइयों के हैं. राजपाल यादव के पांच भाई और भी हैं. एक्टर ने इन सभी की जिम्मेदारी अपने सिर ली है और इसे अच्छे से निभाने में मदद कर रही हैं उनकी पत्नी राधा जिन्हें सब राधा भाभी कहकर बुलाते हैं.
राजपाल यादव ने क्यों ली 15 बच्चों की जिम्मेदारी?
राजपाल यादव ने एनडीटीवी से खास बातचीत में बताया कि उनके भाइयों ने उन्हें हमेशा सपोर्ट किया और उनका साथ दिया है. ऐसे में जब वो सक्षम हुए तो उन्होंने भाइयों का साथ देने और सपोर्ट करने के लिए बच्चों की जिम्मेदारी ली. यही नहीं, 15 बच्चों में कौन क्या करेगा इसकी जिम्मेदारी राधा भाभी पर है. बता दें कि उनकी भतीजी लॉ कर रही है, भतीजा क्रिकेटर है, एक भतीजा अनुपम खेर के इंस्टिट्यूट में एक्टिंग सीख रहा है. सभी बच्चे राजपाल यादव को पापा कहकर बुलाते हैं.
राजपाल यादव का चेक बाउंस केस
राजपाल यादव ने साल 2010 में अपनी फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए माधव अग्रवाल नाम के एक बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपये लिए थे. राजपाल यादव की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फेल रही. भारी नुकसान हुआ राजपाल यादव कर्ज चुकाने में नाकाम रहे. बार बार वादे किए लेकिन रकम नहीं लौटाई. मामला कोर्ट पहुंचा और अभी तक भी सुलझ नहीं पाया है. 5 फरवरी को राजपाल ने दिल्ली में सरेंडर किया. इसके बाद 16 तारीख को कोर्ट ने उन्हें जमानत दी और 17 फरवरी को जेल से निकल वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए शाहजहांपुर पहुंचे. शादी 19 फरवरी को हुई. राजपाल यादव फिलहाल 18 मार्च तक जमानत पर बाहर हैं.
राजपाल यादव की फिल्में
राजपाल यादव ने साल 1999 में फिल्म दिल क्या करे से करियर की शुरुआत की. इसके बाद वो शूल, जंगल, प्यार तूने क्या किया, चांदनी बार जैसी फिल्मों में नजर आए. साल 2000 में आई में जंगल में राजपाल यादव को नेगेटिव रोल में काफी पसंद किया गया. हाल में वह बेबी जॉन, वनवास, भूलभुलैया 3 में नजर आए. आगे वह वेलमक टू द जंगल में भी दिखने वाले हैं.