बॉलीवुड के इतिहास में कुछ गाने ऐसे हैं जो सिर्फ गाने नहीं, बल्कि एक पूरा युग बन जाते हैं. 1969 की फिल्म आराधना का मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू ऐसा ही गाना है. किशोर कुमार की आवाज, एस.डी. बर्मन का म्यूजिक और आनंद बख्शी के बोल आज भी उतने ही ताजा हैं. लेकिन इस गाने से जुड़ी एक ऐसी कहानी है जिसे ज्यादातर लोग नहीं जानते. आइए जानते हैं कैसे बना ये सुपरहरिट गाना. राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर ने किस तरह शूट किया गाना.
राजेश दार्जिलिंग में, शर्मिला मुंबई में
राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर 57 साल पुराने इस गाने में एक-दूसरे के साथ नजर आते हैं, लेकिन हकीकत में दोनों ने साथ में शूटिंग ही नहीं की थी. शर्मिला टैगोर ने कई इंटरव्यू में इसका खुलासा किया है. जब गाने की शूटिंग का समय आया तो शर्मिला की डेट्स सत्यजित रे की फिल्म 'अरण्येर दिन रात्रि' से टकरा रही थीं. एक तरफ राजेश खन्ना की डेट्स भी बहुत टाइट थीं. ऐसे में डायरेक्टर शक्ति सामंत के सामने बड़ी मुश्किल आ गई.
अंत में फैसला हुआ कि राजेश खन्ना और सुजीत कुमार का हिस्सा दार्जिलिंग में शूट किया जाएगा, जबकि शर्मिला टैगोर का हिस्सा मुंबई के स्टूडियो में. दार्जिलिंग में राजेश खन्ना खुली जीप पर बैठकर पहाड़ों की सड़कों पर गाना गाते नजर आते हैं, जबकि शर्मिला टैगोर के ट्रेन वाले शॉट्स स्टूडियो में रीयर प्रोजेक्शन टेक्नीक से फिल्माए गए. बाद में दोनों फुटेज को इतनी बारीकी से एडिट किया गया कि देखने वाले को कभी अंदाजा ही नहीं लगता कि दोनों कलाकार एक साथ मौजूद ही नहीं थे. फिर दोनों कलाकारों के जो एक्सप्रेशन रहे हैं, वो भी बेमिसाल है. इस तरह यह एक यादगार बना और फिल्म तो ब्लॉकबस्टर रही थी.
वो गाना जिसने बदली राजेश की तकदीर
यह गाना सिर्फ शूटिंग के मामले में ही अनोखा नहीं है. यह राजेश खन्ना के सुपरस्टार बनने का सबसे बड़ा कारण भी बना. किशोर कुमार की आवाज और राजेश खन्ना की स्माइल दोनों एक-दूसरे के पूरक बन गए. आज भी इंस्टाग्राम रील्स पर मेरे सपनों की रानी के हजारों वीडियो बन रहे हैं. नई पीढ़ी इस गाने को सिर्फ नॉस्टैल्जिया के लिए नहीं, बल्कि उसके सिंपल और सच्चे प्यार के एहसास के लिए सुन रही है. 55 साल से ज्यादा हो गए, लेकिन दार्जिलिंग की जीप और मुंबई के स्टूडियो में क्रिएट हुआ यह गाना आज बी बेजोड़ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं