फिल्मों के कई गाने ऐसे होते हैं जो सिर्फ अपनी धुन या बोल की वजह से नहीं, बल्कि उनसे जुड़े दिलचस्प किस्सों के कारण भी सालों तक लोगों के दिलों में बसे रहते हैं. 70 के दशक में जब आज जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी नहीं थी. तब म्यूजिक डायरेक्टर अपनी सोच और जुगाड़ से ऐसे कमाल कर देते थे कि लोग आज भी हैरान रह जाते हैं. एक ऐसा ही किस्सा राजेश खन्ना के 52 साल पुराने एक सुपरहिट रोमांटिक रेन सॉन्ग से जुड़ा है. इस सॉन्ग में सुनाई देने वाली बिजली कड़कने की आवाज किसी मशीन से नहीं, बल्कि छत पर लगने वाली शीट से तैयार की गई थी. ये कमाल कर दिखाया था पंचम दा यानी कि आरडी बर्मन ने
52 साल बाद भी फीका नहीं पड़ा इस रोमांटिक सॉन्ग का जादू
1974 में रिलीज हुई फिल्म 'अजनबी' का 'भीगी भीगी रातों में' हिंदी सिनेमा के सबसे खूबसूरत रोमांटिक रेन सॉन्ग्स में गिना जाता है. बारिश, प्यार और शानदार केमिस्ट्री से भरा ये सॉन्ग राजेश खन्ना और जीनत अमान पर फिल्माया गया था. दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी और बारिश के बीच फिल्माए गए सीन आज भी लोगों को पुराने दौर की याद दिला देते हैं.
ये भी पढ़ें- अमित कुमार ने गाया पापा किशोर कुमार का 47 साल पुराना गाना, बरसात के मौसम में फैंस को दी ट्रीट, कहा- इयरफोन लगा लें
इस सॉन्ग का म्यूजिक आरडी बर्मन ने तैयार किया था. जबकि इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे. आवाज दी थी किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने. पंचम दा चाहते थे कि ये सिर्फ बारिश का सॉन्ग न लगे, बल्कि इसे सुनते ही प्यार, तड़प और मिलन का एहसास भी हो. यही वजह है कि इसकी धुन बेहद सुकून देने वाला बनाया गया. वहीं आनंद बख्शी के बोल और किशोर-लता की आवाज ने इस सॉन्ग को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
छत पर लगने वाली शीट से बना दिया बिजली कड़कने का इफेक्ट
आरडी बर्मन को यूं ही एक्सपेरिमेंट का बादशाह नहीं कहा जाता था. वो हर सॉन्ग में कुछ ऐसा करने की कोशिश करते थे जो पहले किसी ने न किया हो. 'भीगी भीगी रातों में' की रिकॉर्डिंग के दौरान भी उन्होंने ऐसा ही कमाल दिखाया.
बारिश वाले माहौल को असली बनाने के लिए उन्हें बिजली कड़कने की आवाज चाहिए थी. उस दौर में न डिजिटल साउंड इफेक्ट थे और न ही आज जैसे हाईटेक स्टूडियो. ऐसे में पंचम दा ने छत पर इस्तेमाल होने वाली एजबेस्टोस की शीट को आपस में टकराकर बिजली की गड़गड़ाहट जैसी आवाज तैयार की. ये देसी तरीका इतना असरदार साबित हुआ कि सॉन्ग सुनते समय आज भी वो आवाज बिल्कुल नेचुरल लगती है. सिर्फ यही नहीं, बारिश की बूंदों का एहसास पैदा करने के लिए गिटार, पियानो और हल्के ऑर्केस्ट्रेशन का ऐसा इस्तेमाल किया गया कि पूरा सॉन्ग जादुई बन गया. यही वजह है कि पांच दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी 'भीगी भीगी रातों में' सिर्फ एक रोमांटिक सॉन्ग नहीं, बल्कि बॉलीवुड के गोल्डन दौर की पहचान माना जाता है.