ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद पूरा मिडिल ईस्ट जंग के हालात में है. तीनों देशों की सेनाएं डटी हुई हैं और हमले जारी हैं. ईरान ने यूएस और इजरायल के हमलों का जवाब देते हुए मिडिल ईस्ट के अलग-अलग देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल के कई शहरों पर हमले किए हैं. अभी हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं. ईरान के हमलों के बीच दुनिया के सबसे बिजी एयरपोर्ट में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Dubai AIrport) बंद कर दिया गया है. दुबई एयरपोर्ट से सभी उड़ाने रद्द कर दी गई है. मुश्किल हालातों के बीच फैन्स को एक्टर आर माधवन की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी इस पर माधवन ने खुद सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स के जरिए बताया कि वह सेफ हैं और इस वक्त दुबई में नहीं हैं.
बता दें कि आर माधवन, उनकी पत्नी सरिता और बेटा वेदांत जो दुबई में रहते हैं, शहर के मौजूदा शटडाउन से पहले ही दूर निकल आए. एक्टर और उनका परिवार अभी दुबई से दूर छुट्टियां मना रहे हैं. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक जब उनसे बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जवाब दिया, “हम सब ठीक हैं. चिंता करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. मैं परिवार के साथ US में हूं.” माधवन और उनका परिवार दुबई के नॉर्मल होने तक US में ही रहने वाले हैं. माधवन के अलावा एक्ट्रेस कल्पना अय्यर भी दुबई में रहती हैं और अभी सेफ हैं. इस बीच एक्ट्रेस सोनल चौहान जो दुबई में फंसी हैं उन्होंने पीएम मोदी से मदद की गुहार लगाई है. देखना होगा कि उन्हें किस तरह की मदद मिल पाती है और वह कब तक भारत पहुंचती हैं.
यह भी पढ़ें: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच गुजिया बना रही एक्ट्रेस की बहन, वीडियो शेयर कर बोली हम भारतीय जंग के बीच...