Great Purge of 2026: सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर रातों-रात लाखों फॉलोअर्स अचानक गायब होने से मशहूर हस्तियां और इन्फ्लुएंसर्स हैरान रह गए. फॉलोअर्स की संख्या में इस अचानक आई गिरावट ने अब ऑनलाइन बड़ी बहस छेड़ दी है. इसे कई लोग "2026 का ग्रेट पर्ज" (Great Purge) कह रहे हैं. अमेरिकन सोशलाइट काइली जेनर से लेकर विराट कोहली, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और प्रियंका चोपड़ा समेत कई सारे मशहूर हस्तियों के फॉलोवर्स कम हो गए हैं. कैसे और क्या है पूरा माजरा, चलिए जानते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी, मेटा प्लेटफॉर्म्स ने कथित तौर पर पूरे प्लेटफॉर्म पर नकली, इनएक्टिव और बॉट अकाउंट्स के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है. हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर सही आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन दुनिया भर के यूजर्स ने कुछ ही घंटों के भीतर फॉलोअर्स की संख्या में भारी बदलाव देखे.
सेलिब्रिटीज के कम हुए फॉलोअर्स
जिन सबसे मशहूर हस्तियों के फॉलोअर्स की संख्या में गिरावट आई है, उनमें काइली जेनर भी शामिल हैं, जिन्होंने 14 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स खो दिए. एक और हस्ती जिन्हें नुकसान उठाना पड़ा, वे है फुटबॉल आइकॉन क्रिस्टियानो रोनाल्डो. उनके फॉलोअर्स की संख्या में लगभग 8 मिलियन की गिरावट आई है. कथित तौर पर इस सफाई अभियान से कई अन्य वैश्विक सितारे भी प्रभावित हुए, जिनमें एरियाना ग्रांडे, बियोंसे, टेलर स्विफ्ट और जस्टिन बीबर शामिल हैं.
इंडियन सेलिब्रिटीज के फॉलोवर्स पर भी असर
इंडियन सेलिब्रिटीज की बात करें तो क्रिकेटर स्टार विराट कोहली और ग्लोबल आइकॉन प्रियंका चोपड़ा ने भी कथित तौर पर इस सफाई अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अपने फॉलोअर्स खो दिए. K-pop सेंसेशन BTS और BLACKPINK के फैंस ने भी इन ग्रुप्स के फॉलोअर्स की संख्या में अचानक आई गिरावट को नोटिस किया.
माना जा रहा है कि यह कथित सफाई अभियान उन अकाउंट्स को निशाना बना रहा है जो स्पैम एक्टिविटी, नकली इंगेजमेंट और थर्ड-पार्टी फॉलोअर बढ़ाने वाली सेवाओं से जुड़े हैं. कई सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह कदम इंस्टाग्राम के प्लेटफॉर्म को अधिक प्रामाणिक बनाने और आर्टिफिशियली बढ़ाए गए फॉलोअर्स की संख्या को कम करने के प्रयासों का एक हिस्सा है.