श्रीदेवी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका नाम आते ही हिंदी सिनेमा की कई यादगार फिल्में और किरदार आंखों के सामने आ जाते हैं. अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और चुलबुले अंदाज से श्रीदेवी ने न सिर्फ दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग जगह बनाई. 13 अगस्त (गुरुवार) को श्रीदेवी की जयंती के मौके पर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर श्रीदेवी की जिंदगी पर लिखी जा रही किताब का कवर शेयर किया.
तस्वीर में किताब का नाम 'एम्प्रेस- द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ श्रीदेवी' लिखा हुआ नजर आ रहा है. इसके साथ कवर पर महानायक अमिताभ बच्चन का श्रीदेवी को लेकर दिया गया बयान भी छपा है, जिसमें उन्हें बेमिसाल प्रतिभा की मिसाल बताया गया है. किताब के लेखक धीरज यू. कुमार हैं.
किताब का कवर शेयर करने के साथ प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, "श्रीदेवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आप हमेशा याद की जाएंगी.'' अपने पोस्ट के आखिर में उन्होंने किताब का नाम जोड़ते हुए बताया कि 'एम्प्रेस' जल्द आने वाली है. प्रियंका के इस पोस्ट को श्रीदेवी के पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया.
श्रीदेवी की जिंदगी पर आधिकारिक किताब की घोषणा साल 2023 में वेस्टलैंड बुक्स ने की थी. इस किताब का नाम 'श्रीदेवी: द लाइफ ऑफ अ लेजेंड' बताया गया था. किताब में अभिनेत्री के बचपन से लेकर उनके फिल्मी करियर और निजी जिंदगी तक के कई पहलुओं को शामिल किए जाने की बात कही गई थी. खासतौर पर 1980 और 1990 के दशक में श्रीदेवी ने भारतीय सिनेमा पर जिस तरह अपनी पकड़ बनाई, उस दौर को किताब में खास जगह मिलने की उम्मीद है.
इस किताब को धीरज कुमार लिख रहे हैं. यह उनकी पहली किताब है और वह लेखक, शोधकर्ता और स्तंभकार के तौर पर काम कर चुके हैं. धीरज कुमार का श्रीदेवी के परिवार से भी करीबी रिश्ता रहा है. बताया जाता है कि श्रीदेवी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती थीं.
बोनी कपूर ने किताब की घोषणा के समय धीरज कुमार को लेकर अपनी खुशी भी जाहिर की थी. उन्होंने बताया था कि धीरज श्रीदेवी को अच्छी तरह जानते थे और उनके करीब रहे थे. ऐसे में उम्मीद है कि वह श्रीदेवी की असाधारण जिंदगी और उनके काम को सही तरीके से लोगों के सामने रख पाएंगे. किताब में श्रीदेवी की फिल्मों के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी और पर्दे के पीछे की कहानी से जुड़े कई पहलुओं पर भी रोशनी डाली जा सकती है.
54 साल की उम्र में श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को दुबई में हुआ था.