Panchayat Season 5 Release Date: फुलैरा के सचिव जी फिर लौटने वाले हैं. अमेजन प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उनके लिए गुड न्यूज आई है. ये गुड न्यूज वेब सीरीज के डायरेक्टर ने दी है. उन्होंने इशारा कर दिया है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर किस महीने ये सीरीज दस्तक दे सकती है. हालांकि ऑफिशली अभी तक कोई ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन तैयार हो जाएइ मंजू देवी, प्रधानजी और सचिवजी से जुड़े सवालों के जवाब जानने के लिए. फिर गांव की सादगी भरी चालाकियां भी खूब देखने को मिलेंगी.
कब आएगा पंचायत सीजन 5
सीरीज के डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने हाल ही में बताया कि सीजन 5 की एडिटिंग चल रही है और अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा तो यह अक्टूबर या नवंबर 2026 के आसपास स्ट्रीम हो सकता है. आधिकारिक तारीख अभी प्राइम वीडियो ने घोषित नहीं की है. सीरीज की शुरुआत 2020 में थी और चार सीजन में गांव की राजनीति, रिश्तों और हल्के व्यंग्य के मिश्रण से लाखों दर्शकों का दिल जीत चुकी है.
चौथे सीजन के अंत में गांव के चुनाव में मंजू देवी हार गई थीं और क्रांति देवी नई प्रधान बनीं. नया सीजन उसी मोड़ से आगे बढ़ेगा. कहानी अब यह दिखाएगी कि चुनाव हारने के बाद प्रधानजी का गांव में कैसा व्यवहार रहता है, बाकी पात्र अपने जीवन को कैसे आगे बढ़ाते हैं और नया नेतृत्व गांव की व्यवस्था को कैसे प्रभावित करता है. सचिव अभिषेक त्रिपाठी और रिंकी के अधूरे प्रेम प्रसंग पर भी नजर रहेगी. लेकिन याद रखें कि पांचवां सीजन आखिरी नहीं होगा.
पंचायत सीजन 5 स्टार कास्ट
पंचायत 5 में एक्टर लगभग सभी वही रहने वाले हैं. जितेंद्र कुमार (अभिषेक त्रिपाठी) यानी सचिवजी के रोल में होंगे. नीना गुप्ता (मंजू देवी), रघुबीर यादव (बृज भूषण दुबे), फैसल मलिक (प्रह्लाद पांडे), चंदन रॉय (विकास) और संविका (रिंकी) के रूप में लौटेंगे. दुर्गेश कुमार, अशोक पाठक, सुनीता राजवार और पंकज झा भी रहेंगे.
शूटिंग पहले पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन अंतिम चरण में है. दर्शकों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि इंतजार लंबा नहीं खिंचने वाला. अक्टूबर-नवंबर में त्योहारों के सीजन में पंचायत सीजन 5 की धमक सुनाई दे सकती है.