पंचायत 4 की शूटिंग की BTS तस्वीरें वायरल, प्रधान जी के घर पर आग सेंकते दिखे फुलेरावासी

पंचायत 4 का लोगों को बेसब्री से इंतजार था और इसी का नतीजा है कि इसके रिलीज होते ही इसे जमकर प्यार मिला है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पंचायत 4 की शूटिंग की BTS तस्वीरें वायरल
नई दिल्ली:

अमेजन प्राइम पर सुपरहिट वेब सीरीज पंचायत 4 ने धूम मचा रखी है. गांव फुलेरा में पंचायत चुनावों की कहानी इस बार दिखाई जा रही है. सचिव जी लौटने के बाद जोर शोर से चुनाव कराने में लगे हैं और दूसरी तरफ रिंकी के साथ उनकी प्रेम कहानी भी उड़ान भर रही है. पंचायत 4 का लोगों को बेसब्री से इंतजार था और इसी का नतीजा है कि इसके रिलीज होते ही इसे जमकर प्यार मिला है. फुलेरा गांव में महीनों तक पंचायत सीरीज की शूटिंग की गई. इसके कुछ बीटीएस फोटो यानी बिहाइंड द सीन के फोटो सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर फैंस को फुलेरा के लोगों पर प्यार उमड़ आया है.

रिंकी और प्रधान जी के साथ आग सेक रहे विकास

पंचायत सीरीज में प्रधान जी की बेटी रिंकी बनी सान्विका के फैन पेज पर सीरीज की शूटिंग के कुछ फोटो शेयर किए गए हैं. ये फोटो सर्दियों में हुई शूटिंग के हैं. इन फोटो में आप फुलेरा में प्रधान जी के घर के अंदर आग तापते स्टाफ और कलाकारों को देख सकते हैं. बीच में अलाव जल रहा है और आस पास मंजू देवी बनी नीना गुप्ता और प्रधान जी बने रघुबीर यादव दिख रहे हैं. दूसरी तरफ सान्विका और विकास बने चंदन बैठे हैं. आस पास शूटिंग का स्टाफ खड़ा है और सीन की तैयारी चल रही है. दूसरी फोटो में फुलेरा की आइकोनिक टंकी दिखाई दे रही है. तीसरी फोटो भी फुलेरा गांव की है और लाइट जलाकर स्टाफ शूट की तैयारी कर रहा है.


आपको बता दें कि पंचायत के पहले सीजन से लेकर हालिया चौथे सीजन तक इस सीरीज ने लोगों को जमकर मनोरंजन किया है. फिल्म फुलेरा गांव की सीधी सादी जनता और गांव के मनोभावों को कॉमिक टाइमिंग के साथ दिखा रही है. पंचायत सीरीज में सचिव जी बने जितेंद्र कुमार का काम लोगों को काफी पसंद आया है. इसके अलावा सीरीज में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव,सान्विका, फैसल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और सुनीता राजवार जैसे शानदार कलाकारों को लोगों ने काफी पसंद किया है. इंस्टाग्राम पर इन फोटो को देखकर लोगों को वाकई शूट का अहसास हो रहा है. एक यूजर ने लिखा है- लगता है पंचायत 5 सीजन की शूटिंग शुरू हो गई है. वहीं एक यूजर ने पूछा है- पंचायत का पांचवां सीजन कब आएगा.

Advertisement

Featured Video Of The Day
अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, कैसी है इसबार की तैयारी
Topics mentioned in this article
Panchayat 4
Panchayat 4 BTS Photos
Panchayat 4 Amazon Prime Video
Jitendra Kumar
Raghubir Yadav