एक गायिका और म्यूजिक डायरेक्टर की ऐसी जोड़ी जो सदाबहार रही, जिनके रिश्ते को कभी कोई नाम न दिया जा सका, लेकिन उनके बीच की कशिश महसूस होती रही. हम बात कर रहे हैं लेजेंड्री सिंगर आशा भोसले और ‘गोल्डन एरा' के नामचीन संगीतकार ओपी नय्यर की. नय्यर एकमात्र ऐसे दिग्गज संगीतकार हैं, जिन्होंने 'भारत की नाइटिंगेल' लता मंगेशकर के साथ एक भी गाना रिकॉर्ड किए बिना ही सफलता के शिखर को छुआ. आशा भोसले के साथ उनका जुड़ाव एक ऐसा प्रोफेशनल और निजी गठजोड़ था जो लगभग दो दशकों तक चला. नय्यर ने आशा भोसले को तराशा और उन्हें नई छवि दी. लेकिन दोनों के रिश्ते का दर्दनाक अंत हुआ.
आशा भोसले और ओ.पी. नैयर की जोड़ी सचमुच बेजोड़ थी. यहां तक कि अजेय लता मंगेशकर भी उनके बीच नहीं आ सकीं. आर.डी. बर्मन से भी बहुत पहले, नैयर ही वह शख्स थे जिन्होंने आशा भोसले को हाशिए वाली स्थिति से निकालकर मुख्यधारा में स्थापित किया.
ओपी नय्यर ने बदली आशा की जिंदगी
आशा भोसले ने खुद कहा था कि ओपी नय्यर के उनके जीवन में आने से पहले वह हीरोइन्स की आवाज नहीं बन पाई थीं. वो या तो खलनायिका के लिए गातीं या साइड हीरोइन्स के लिए, जबकि लता लीड एक्ट्रेस की आवाज हुआ करती थीं. नय्यर ने उनकी इस इमेज को बदला. 1950 के दशक में ‘नया दौर' और ‘तुम सा नहीं देखा' जैसी फिल्मों से उन्होंने आशा जी को हीरोइन की आवाज बना दिया और फिर एक के बाद एक चार्टबस्टर गाने दोनों ने एक साथ बनाए.
आशा और ओपी नय्यर का कथित रिश्ता
रिपोर्ट्स के मुताबिक 1958 से 1972 के बीच जब ओपी नय्यर और आशा भोसले साथ काम कर रहे थे तो वह निजी जीवन में भी कथित तौर पर करीब आ रहे थे. हालांकि ओपी नय्यर पहले से शादीशुदा थे और चार बच्चों के पिता था. वहीं आशा, गणपतराव भोसले के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी में संघर्ष का दौर झेल रही थीं. ऐसे में नय्यर ने उन्हें प्रोफेशनली ही नहीं निजी जीवन में भी संभाला.
यह भी पढ़ें - जब अपनी भतीजी के लिए जिद पर अड़ गई थीं आशा भोसले, मेकर्स को दी थी धमकी, बोलीं- तभी काम करूंगी, जब उसे कास्ट करोगे
1972 में टूटा रिश्ता
साल 1972 में आखिरकार आशा भोसले ने ओपी नय्यर के साथ अपना कथित रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया. उस साल उन्होंने एक गाना रिकॉर्ड किया और फिर कभी साथ काम नहीं किया. कहा जाता है कि ओपी आशा से इतना नाराज थे कि उन्हें मिले एक अवार्ड को, जो उन्होंने आशा जी की गैरमौजूदगी में रिसीव किया था, उसे अपनी चलती कार से फेंक दिया था. उन्होंने ये अवार्ड इतनी तेज फेंका कि उसके टूटने की आवाज तक नहीं आई. इसे तोड़ते हुए ओपी नय्यर ने कहा, आशा ने ऐसे ही मेरा दिल तोड़ा था. उस वक्त कार में नय्यर के साथ गीतकर एसएच बिहारी मौजूद थे.