साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन ने केवल अपने बेहतरीन अदाकारी ही नहीं, बल्कि घने और खूबसूरत घुंघराले बालों से भी अलग पहचान बनाई. उन्होंने बुधवार को बताया कि एक समय था जब उन्हें अपने ही बालों से बेहद चिढ़ थी. अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने कर्ली हेयर को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं. इस वीडियो के साथ उन्होंने प्रेरणादायक नोट भी लिखा, "एक समय था, जब मैं अपने घुंघराले बालों को छिपाने की कोशिश करती थी. मैं उन्हें सीधा करने और बदलने के लिए हर जतन करती रहती थी. मुझे लगता था कि काश मेरे बाल भी बाकी लोगों की तरह सामान्य होते."
घुंघराले बाल बनी पहचान
अभिनेत्री ने बताया कि समय के साथ उनके नजरिए में बड़ा बदलाव आया. उन्होंने महसूस किया कि जो चीज उन्हें दूसरों से अलग बनाती है, वही उनकी सबसे बड़ी खूबी है. अनुपमा ने आगे लिखा, "आज, ये बाल मेरी सबसे पसंदीदा चीजों में से एक हैं, लेकिन सबसे ज्यादा खुशी तब होती है जब लोग मुझसे कहते हैं कि मुझे देखकर उन्होंने भी अपने घुंघराले बालों को प्यार करना और अपनाना शुरू कर दिया है." अनुपमा परमेश्वरन ने पोस्ट के अंत में लिखा, "जब आप खुद को वैसे ही अपना लेते हैं जैसे आप हैं, तो यह बहुत शक्तिशाली होता है. आपकी हिम्मत दूसरों को भी खुद से प्यार करने का हौसला देती है."
ये भी पढ़ें- 16 की उम्र में किया डेब्यू, बीमारी में घरवालों ने छोड़ा, सलमान खान ने की मदद, अब चॉल में रहती है वीरगति एक्ट्रेस
क्यूट गर्ल-नेक्स्ट-डोर के नाम से बनाई पहचान
अभिनेत्री तेलुगु, मलयालम और तमिल सिनेमा में नेचुरल एक्टिंग, घुंघराले बालों और क्यूट गर्ल-नेक्स्ट-डोर इमेज के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने 'प्रेमम', 'कार्तिकेय 2' और 'टिल्लू स्क्वायर' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बना चुकी हैं. अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन की आगामी प्रमुख फिल्म तेलुगु रोमांटिक-कॉमेडी 'क्रेजी कल्याणम' है, जिसका निर्देशन बदरप्पा गजुला कर रहे हैं. इसके अलावा, वह प्रेरणा अरोड़ा द्वारा निर्मित एक अनटाइटल्ड मनोवैज्ञानिक थ्रिलर में भी नजर आएंगी, जिसकी शूटिंग मई 2026 में शुरू होनी है.
अनुपमा परमेश्वरन के लिए 2025 खास
साल 2025 अभिनेत्री के लिए काफी खास रहा. उन्होंने 'ड्रैगन' (तमिल), 'किष्किंधापुरी' (तेलुगु), 'परधा' और 'बाइसन' (तमिल) जैसी फिल्में दीं, जिन्हें दर्शकों की तरफ से काफी सराहना मिली थी. फिल्म 'परधा' एक महिला-प्रधान तेलुगु फिल्म है, जो 22 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. प्रवीण कंद्रेगुला द्वारा निर्देशित यह एक इमोशनल रोड ड्रामा है, जिसमें अनुपमा ने 'सुब्बू' नामक एक गांव की लड़की की भूमिका निभाई थी, जो गांव में पर्दा प्रथा की परंपराओं को तोड़ती है.
ये भी पढ़ें- 1990 में दो हफ्ते में ये दो फिल्में हुईं रिलीज, कहानी सेम, एक्टर्स अलग, बॉक्स ऑफिस पर हुआ ऐसा हाल