यूट्यूब पर इन दिनों नए गानों के वायरल होने का सिलसिला जारी है. इसी बीच I-Popstar से सिंगर नेहा कक्कड़ और निशांत मुक्ता का नया गाना ‘यूपी वाली लइकी 2.0' दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. 7 नवंबर 2026 को रिलीज हुए इस गाने को महज तीन दिनों में 1.6 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. गाने के टाइटल से लेकर इसकी देसी फील तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. यूपी के अंदाज और मस्ती भरे संगीत के साथ तैयार यह गाना खासकर उन लोगों को पसंद आ रहा है, जिन्हें देसी तड़के वाले गाने सुनना पसंद है.
देसी अंदाज और नेहा कक्कड़ की आवाज ने खींचा ध्यान
‘यूपी वाली लइकी 2.0' में नेहा कक्कड़ की आवाज एक बार फिर सुनने को मिल रही है. नेहा अपनी अलग गायकी और एनर्जेटिक अंदाज के लिए जानी जाती हैं और वीडियो में भी उनका यही अंदाज दिख रहा है. वहीं, निशांत मुक्ता के साथ उनकी जोड़ी लोगों को पसंद आ रही है. गाने का नाम ही उत्तर प्रदेश की बोली और वहां के मस्ती भरे अंदाज की झलक दिखाता है. आजकल दर्शकों को ऐसे गाने काफी पसंद आते हैं, जिनमें स्थानीय भाषा, देसी अंदाज और कैची म्यूजिक का मेल हो. यही वजह है कि ‘यूपी वाली लइकी 2.0' भी लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब होता नजर आ रहा है. गाने में नेहा और निशांत की जुगलबंदी देखने लायक है. हालांकि इस गाने को शो के एपिसोड में गाया गया था, लेकिन सारेगामा म्यूजिक ने इसे 3 दिन पहले अपने ऑफिशियल चैनल पर रिलीज किया है.
रिलीज के तीन दिन में 1.6 मिलियन व्यूज
इस गाने को 7 नवंबर को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था. रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर इसे 1.6 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. कम समय में मिले इतने व्यूज से साफ है कि लोगों को यह गाना पसंद आ रहा है. इस गाने को सुनने के बाद एक यूजर ने कमेंट किया है, "नेहा ने भोजपुरी सिनेमा में भी तहलका मचा दिया. पवन सिंह और खेसारी लाल यादव जैसे सिंगर्स को वो टक्कर दे रही हैं. नेहा को और गाने गाने चाहिए'.
ये भी पढ़ें: अरविंद अकेला कल्लू की आवाज में गूंजा छठ गीत 'श्रृंगार ह बिहार के', नेहा पाठक के साथ दिखा बिहार का रंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं