ऋषि कपूर की मौत के बाद जब पहली बार सेट पर गईं नीतू कपूर, बोलीं- मैं हर शॉट से पहले कांप जाती थी, हिम्मत नहीं बची थी

ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर का काम पर लौटना बहुत ही मुश्किल था लेकिन ये दूसरा मौका उन्होंने किसके कहने पर लिया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ऋषि कपूर और नीतू कपूर
Social Media
नई दिल्ली:

अभिनेत्री नीतू कपूर ने कहा कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बाद उन्हें फिल्मों में वापस लाने में करण जौहर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 2020 में अपने पति के निधन के बाद के कठिन समय को याद करते हुए नीतू ने एक भावुक याद साझा की. उन्होंने बताया कि करण ने ही उन्हें 'जुग जुग जीयो' से दोबारा अभिनय की दुनिया में लौटने के लिए प्रोत्साहित किया था. उस समय वह भावनात्मक रूप से इतनी कमजोर थीं कि हर शॉट से पहले कांप जाती थीं.

सोहा अली खान के पॉडकास्ट शो 'ऑल अबाउट हर' में खुलकर बात करते हुए नीतू ने बताया कि करण ने मुझसे कहा, ‘नीतू जी, मुझे लगता है कि आपको वापसी करके एक फिल्म करनी चाहिए' और मैंने हां कह दी. उन्होंने बताया कि 'जुग जुग जीयो' की शूटिंग के दौरान वह काफी घबराई हुई रहती थीं. उन्होंने कहा कि आपको अंदाजा भी नहीं है कि 'जुग जुग जीयो' की शूटिंग के दौरान मैं हर शॉट से पहले कांप जाती थी. मैंने 70-80 फिल्में की हैं लेकिन मुझमें वह हिम्मत नहीं बची थी. अपने पति के बिना अकेले सेट पर जाना. मेरे पास कोई नहीं था और यह बहुत ही तनावपूर्ण था. हालांकि मैंने यह किया और इससे मुझे काफी मदद मिली.

नीतू की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी भी पॉडकास्ट शो में उनके साथ शामिल हुईं. रिद्धिमा ने भी ऋषि कपूर के निधन के बाद परिवार द्वारा झेले गए कठिन दौर पर अपने विचार व्यक्त किए. रिद्धिमा ने बताया कि मां और बेटी दोनों ही शोक से जूझ रही थीं और भावनात्मक सहारे के लिए एक-दूसरे पर पूरी तरह निर्भर नहीं हो पा रही थीं.

रिद्धिमा ने खुलासा किया कि वह मुझसे अपने दिल की बात नहीं कह पाती थीं क्योंकि मैं भी शोक में डूबी हुई थी और मैं भी उनसे अपने दिल की बात नहीं कह पाती थी. नीतू ने कहा कि काम पर वापस लौटने से उन्हें आखिरकार उबरने में मदद मिली. उन्होंने कहा, “मैं बाहर गई, शो किए, कुछ शो में जज बनी और इन सबने मुझे मजबूत बनाया. आज मुझे शोहरत या पैसे की जरूरत नहीं है. मैं बस खुद को खुश रखने के लिए कभी-कभी फिल्में करती हूं.”

Advertisement

फिल्म 'जुग जुग जीयो' नीतू कपूर की लंबे अंतराल के बाद मुख्यधारा सिनेमा में वापसी थी और ऋषि कपूर के बिना उनकी पहली फिल्म भी थी. इससे पहले, उनकी आखिरी बड़ी उपस्थिति 2010 में आई फिल्म 'दो दूनी चार' में थी, जिसमें उन्होंने ऋषि कपूर के साथ अभिनय किया था. नीतू कपूर हाल ही में कपिल शर्मा के साथ 'दादी की शादी' में भी नजर आईं. रिद्धिमा ने इस फिल्म से बॉलीवुड में पदार्पण किया है.

यह भी पढ़ें: फिल्मों में आने के लिए घटाया 16 किलो वजन, पाकिस्तान में घुसकर की थी भारत के लिए जासूसी, एक्ट्रेस को पहचाना आपने?

Advertisement
Featured Video Of The Day
Yogi Cabinet Expansion 2026:Akhilesh Yadav के 'PDA कार्ड' का जवाब है CM योगी का मंत्रिमंडल विस्तार?