लंबे समय तक हिंदी फिल्मों से दूरी बनाए रखने के बाद अभिनेत्री नीतू चंद्रा एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने के लिए तैयार हैं. “गरम मसाला”, “ट्रैफिक सिग्नल” और “नो प्रॉब्लम” जैसी फिल्मों में काम कर चुकी नीतू चंद्रा के करियर ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. रंगमंच से लेकर अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों तक, राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी फिल्मों के निर्माण से लेकर एक अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में काम करने तक, उन्होंने कई तरह के प्रयोग किए हैं. हालांकि पिछले कुछ समय से वह सुर्खियों से दूर रहीं.
ये भी पढ़ें: इस एक्ट्रेस ने दी करियर की पहली 100 करोड़ी फिल्म, पिछले साल वरुण धवन और राजकुमार राव संग दी थी महा फ्लॉप
एनडीटीवी से खास बातचीत में अपने करियर को लेकर बात करते हुए नीतू चंद्रा ने कहा, “मैं तैयार हूं. मैं इसे महसूस कर सकती हूं यह आत्मविश्वास, यह आग, यह ऊर्जा मेरे अंदर है. ऐसा लगता है कि आज अगर मैं किसी चीज़ को छू लूं, तो वह सोना बन जाएगी. यह विश्वास अब मेरा हिस्सा बन चुका है. मैंने यह भावना उन लोगों में भी देखी है जिनके साथ मैंने काम किया है अक्षय खन्ना, संजय दत्त, बॉबी देओल. मैं हमेशा बेहतरीन लोगों के साथ काम करती रही हूं और मैंने कभी काम करना नहीं छोड़ा. अब मुझे लगता है कि यह मेरा टेक-ऑफ टाइम है.
आप इसे ब्रेक कह सकते हैं, लेकिन यह ब्रेक नहीं था. मैं बस हिंदी सिनेमा से थोड़ी दूर थी और दक्षिण में काम कर रही थी. मेरे लिए यह कोई बदलाव नहीं है. आज के समय में अच्छी फिल्मों के लिए भाषा कोई बाधा नहीं हो सकती. अगर मुझे अच्छे विषय नहीं मिलते, तो मैं वहां जाऊंगी जहां बेहतर कहानियां मिलें चाहे वह किसी भी भाषा में हों. मैंने दक्षिण में आर. माधवन, सूर्या, नागार्जुन, विशाल, जयम रवि और आर्या जैसे कलाकारों के साथ काम किया है. इतने बड़े कलाकारों के साथ काम करने की आदत हो जाती है.
जब मैंने शुरुआत की थी, तब मुझे अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम के साथ, प्रियदर्शन जैसे निर्देशक, रत्ना जैन जैसे निर्माता और प्रीतम के संगीत के साथ काम करने का मौका मिला. एक नए कलाकार के लिए इससे बड़ा मौका नहीं हो सकता था. मेरे लिए कहानी सबसे अहम है, भाषा नहीं. आज दर्शक बहुत खुले हो गए हैं, वे हर तरह की अच्छी फिल्मों को स्वीकार कर रहे हैं. यही वजह है कि कोरियाई, जापानी और चीनी सिनेमा दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहा है.
लोग आज भी मुझे ‘गरम मसाला गर्ल' कहते हैं. ‘ओए लकी लकी ओए' में जिस तरह का किरदार मैंने किया, उसे भी लोग आज तक याद करते हैं. यह सब उन निर्देशकों का विज़न था, जिन्होंने मुझे अलग-अलग रूपों में देखा और पेश किया. लेकिन अगर आप मुझसे पूछें कि असली फर्क क्या है, तो वह काम करने के नजरिए में है.”
मनोरंजन जगत में यह एक ऐसा दौर है, जहां सनी देओल, बॉबी देओल, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और अक्षय खन्ना जैसे कलाकार दमदार वापसी कर चुके हैं. ऐसे में नीतू चंद्रा को भी उम्मीद है कि अब उनके करियर का नया दौर शुरू होने वाला है.