70 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा पर जिन सितारों का दबदबा था, उनमें राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन जैसे नाम सबसे ऊपर गिने जाते थे. उस दौर में जहां राजेश खन्ना को भारतीय सिनेमा का पहला सुपरस्टार कहा जाता था, वहीं अमिताभ बच्चन धीरे-धीरे ‘एंग्री यंग मैन' बनकर इंडस्ट्री पर छाने लगे थे. इन दोनों सितारों के साथ काम कर चुकीं दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी ने एक इंटरव्यू में दोनों सुपरस्टार्स के व्यवहार और स्टारडम को लेकर ऐसी बातें बताई थीं, जिसने काफी सुर्खियां बटोरी. मौसमी चटर्जी अपनी राय बेबाक ढंग से देने के लिए भी मशहूर हैं. एक बार तो मौसमी ने राजेश खन्ना को ‘अनपढ़ गुंडा' तक कह दिया था. मौसमी के मुताबिक राजेश खन्ना स्टारडम को पचा नहीं पाए.
अमिताभ और राजेश खन्ना में फर्क
मौसमी चटर्जी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अपार सफलता मिलने के बाद भी अमिताभ बच्चन जमीन से जुड़े रहे, जबकि राजेश खन्ना अपने स्टारडम को संभाल नहीं पाए. अभिनेत्री के मुताबिक अमिताभ बच्चन के आसपास उन्होंने कभी 'चमचा-चमची' कल्चर नहीं देखा, लेकिन राजेश खन्ना अक्सर ऐसे लोगों से घिरे रहते थे, जिन्हें उनकी हर बात पर तारीफ करनी होती थी. मौसमी ने यह भी कहा था कि राजेश खन्ना को लगातार अटेंशन और पैंपरिंग पसंद थी. सुपरस्टार बनने के बाद काका के भीतर स्टारडम का असर साफ दिखाई देने लगा था.
‘गालियां सिखाते थे और मजे लेते थे'
इंटरव्यू में मौसमी चटर्जी ने एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया था. उन्होंने बताया था कि शुरुआत में उन्हें हिंदी अच्छी तरह नहीं आती थी. ऐसे में राजेश खन्ना उन्हें कई गालियां सिखाते थे और फिर इस बात पर हंसते थे कि वह बिना मतलब जाने उन शब्दों को बोल देती थीं. अभिनेत्री ने कहा था कि वह उस समय काफी भोली थीं और उन्हें उन शब्दों का असली मतलब समझ नहीं आता था.
कई फिल्मों में साथ किया था काम
मौसमी चटर्जी ने राजेश खन्ना के साथ ‘अनुराग', ‘प्रेम बंधन', ‘भोला भाला' और ‘हमशक्ल' जैसी फिल्मों में काम किया था. वहीं अमिताभ बच्चन के साथ भी उन्होंने ‘मंजिल' जैसी फिल्मों में काम किया था. 70 के दशक में मौसमी चटर्जी इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं और उनकी अलग स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को काफी पसंद आती थी.
यह भी पढ़ें: 'थलपति विजय से इतना डर क्यों?', प्रकाश राज का गवर्नर पर हमला, बोले- मुझे शक है, गलत साबित करके दिखाओ
बॉलीवुड के पुराने सितारों से जुड़े किस्से आज भी लोगों की दिलचस्पी का हिस्सा बने रहते हैं. खासकर राजेश खन्ना जैसे सुपरस्टार्स की निजी जिंदगी, स्टारडम और व्यवहार को लेकर सामने आने वाले अनुभव अक्सर चर्चा में आ जाते हैं.