80 के दशक में अपनी अदाकारी और खूबसूरती से लाखों लोगों के दिलों पर राज करने वाली मंदाकिनी भले ही फिल्मों से दूर हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी कायम है. जब भी वह किसी खास अंदाज में नजर आती हैं, फैंस उनकी तस्वीरों और वीडियोज को जमकर पसंद करते हैं. इस बार अभिनेत्री हिमाचली संस्कृति के रंग में रंगी नजर आईं. मंदाकिनी ने रविवार (12 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर मनाली की कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में वह हिमाचली पहनावे में बेहद खूबसूरत नजर आईं. उन्होंने सिर पर हिमाचली अंदाज की टोपी और पारंपरिक पोशाक पहनी हुई थी. इसके साथ उनकी पीठ पर फूलों से सजी पारंपरिक टोकरी भी दिखाई दी, जिसने उनके पूरे लुक को और खास बना दिया. पोस्ट में उन्होंने बताया कि मनाली की यात्रा उनके लिए खुद से दोबारा जुड़ने जैसा एहसास है.
अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए मंदाकिनी ने लिखा, "एक खास तरह की खुशी होती है, जो सिर्फ पहाड़ों में महसूस होती है. देवदार के पेड़ों की सरसराहट, ठंडी हवा का एहसास और प्रकृति की खूबसूरती एक अलग ही शांति देती है. मनाली में हर सूर्योदय किसी आशीर्वाद जैसा लगता है, हर रास्ता एक कहानी कहता है और हर पल जिंदगी को धीरे-धीरे जीने का मौका देता है."
उन्होंने आगे लिखा, "कुछ यात्राएं सिर्फ खूबसूरत जगहों तक नहीं ले जातीं, बल्कि हमें खुद से भी मिलाती हैं. हर नजारा दिल में आभार भर देता है, पहाड़ों की ताजी हवा मन को शांति देती है और हर पल एक ऐसी याद बन जाता है जिसे हमेशा संभालकर रखा जा सकता है."
मंदाकिनी के करियर की बात करें, तो लोग आज भी उन्हें उनकी चर्चित फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के लिए याद करते हैं. राज कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने उनके करियर को नई पहचान दी और उन्हें हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया. इसके अलावा, उन्होंने 'डांस डांस', 'कमांडो', 'जीते हैं शान से' और 'ना-इंसाफी' जैसी फिल्मों में भी काम किया.