मराठी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर ने बताया कि उन्हें कैंसर है. एक्ट्रेस को हाल में ही अपनी इस बीमारी का पता चला है. सोशल मीडिया पर एक लंबी और बेहद भावुक पोस्ट के जरिए मेधा ने अपने इलाज के इस सफर के बारे में बताया और उन सभी लोगों का शुक्रिया किया, जिन्होंने इस मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया. मेधा ने अपने पोस्ट के साथ अस्पताल में खींची गई तस्वीरें भी शेयर कीं. उन्होंने लिखा, “जैसे-जैसे मेरे इलाज का एक फेज पूरा हो रहा है और मेरा बर्थडे नजदीक आ रहा है, मैं खुद को पीछे मुड़कर देखती हुई पाती हूं. डॉग्नॉसिस को नहीं, सर्जरी को नहीं, कीमोथेरेपी को नहीं, रेडिएशन को नहीं… बल्कि उन अच्छी बातों को याद करती हूं जो मेरे साथ हुईं.”
मेधा ने आगे लिखा, “पीछे मुड़कर देखने पर मुझे एहसास होता है कि वो सिर्फ संयोग नहीं थे. वो भगवान का मेरा हाथ थामने का तरीका था. इस सफर में मुझे समझ आया कि भगवान हमेशा दिव्य रूप में नहीं आते. वो मेरे गुरुओं, डॉक्टर्स, नर्सेज, परिवार, दोस्तों और यहां तक कि उन अजनबियों के रूप में आए, जो बाद में आशीर्वाद बन गए.”
इलाज के दौरान जब भूख खत्म हो गई, तब भी उनके लिए खास-खास खाने के इंतजाम होते रहे. मेधा ने लिखा, “जब इलाज ने मेरी भूख छीन ली, तो कोई न कोई हमेशा जानता था कि मैं क्या खा सकती हूं. कभी ढोकले का डिब्बा, कभी सॉफ्ट इडली, कभी गुलपापड़ी या पानी पूरी… साधारण खाना, लेकिन असाधारण प्यार से लिपटा हुआ.”
उनकी बेटी एक्ट्रेस साई मांजरेकर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए अपनी मां को ‘strongest galllllll' कहा. मराठी फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों जैसे स्वप्निल जोशी, नीना कुलकर्णी समेत तमाम कलाकारों ने भी मेधा को शुभकामनाएं दीं और जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
मेधा मांजरेकर की फिल्मी जर्नी
मेधा मांजरेकर ने मराठी सिनेमा में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए खासी पहचान बनाई है. उन्होंने ‘काकस्पर्श', ‘दे धक्का', ‘नटसम्राट', ‘जुना फर्नीचर' और ‘दबंग 3' जैसी फिल्मों में काम किया है. 1995 में उन्होंने महेश मांजरेकर से शादी की थी.
बता दें कि साल 2021 में महेश मांजरेकर को भी हाई-ग्रेड यूरिनरी ब्लैडर कैंसर का पता चला था. उन्होंने मुंबई में बड़ी सर्जरी कराई और ठीक हो गए. उस वक्त मेधा ने परिवार को इस चुनौती से गुजरने के लिए भावनात्मक ताकत जुटाने की बात कही थी. बता दें कि मेधा हाल ही में ‘एक राधा एक मीरा' फिल्म में नजर आई थीं.