4 महीने की प्रेग्नेंसी, तेज बुखार फिर भी नहीं रुकीं माधुरी दीक्षित, ‘डोला रे डोला’ के एक स्टेप के लिए 17 दिन रहीं दर्द में

साल 2002 में रिलीज हुई देवदास का आइकॉनिक गाना ‘डोला रे डोला’ आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार डांस नंबरों में गिना जाता है. इस गाने में माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय बच्चन की जबरदस्त केमिस्ट्री और एक्सप्रेशंस ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था. अब इस गाने की शूटिंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
देवदास के समय प्रेग्नेंट थी माधुरी दीक्षित

साल 2002 में रिलीज हुई देवदास का आइकॉनिक गाना ‘डोला रे डोला' आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार डांस नंबरों में गिना जाता है. इस गाने में माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय बच्चन की जबरदस्त केमिस्ट्री और एक्सप्रेशंस ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था. अब इस गाने की शूटिंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान की टीम में काम कर चुकीं रुबीना खान ने बताया कि गाने की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं और तेज बुखार में भी लगातार शूट कर रही थीं. इसके बावजूद उन्होंने किसी भी स्टेप को बदलने की मांग नहीं की और पूरी लगन से शूट पूरा किया.

17 दिन चली थी ‘डोला रे डोला' की शूटिंग

रुबीना खान ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘डोला रे डोला' की शूटिंग पूरे 17 दिनों तक चली थी, जबकि इसकी रिहर्सल लगभग एक महीने तक हुई थी. उन्होंने कहा कि माधुरी और ऐश्वर्या दोनों ने अलग-अलग रिहर्सल की थी. गाने में एक खास स्टेप था जिसमें माधुरी को घूमकर बैठना था, लेकिन प्रेग्नेंसी की वजह से उन्हें चक्कर आते थे. सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक वही शॉट कई बार लिया गया. रुबीना के मुताबिक, माधुरी उस वक्त बुखार में भी थीं, लेकिन उन्होंने कभी शिकायत नहीं की. वह सरोज खान के हर स्टेप को पूरी ईमानदारी से करना चाहती थीं.

सरोज खान भी थीं दर्द में, फिर भी नहीं छोड़ा सेट

रुबीना खान ने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान सरोज खान खुद भी काफी बीमार थीं. बावजूद इसके वह सेट पर मौजूद रहती थीं और जमीन पर लेटकर भी कलाकारों को डांस स्टेप्स समझाती थीं. फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने भी एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि ‘देवदास' रिलीज होने के दिन सरोज खान अस्पताल में भर्ती थीं. वह और ऐश्वर्या राय उनसे मिलने पहुंचे थे. अर्धचेतन अवस्था में भी सरोज खान ने सबसे पहले यही पूछा था कि ‘डोला रे डोला' पर दर्शकों ने पैसे बरसाए या नहीं. भंसाली ने इसे उनके काम के प्रति जुनून बताया था.

‘राम चाहे लीला' को लेकर भंसाली पर लगाया था आरोप

हालांकि सरोज खान और संजय लीला भंसाली के रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे. साल 2013 में रिलीज हुई रामलीला के गाने ‘राम चाहे लीला' को लेकर सरोज खान ने भंसाली पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि उस गाने में उनकी कोरियोग्राफी का इस्तेमाल किया गया, लेकिन उन्हें न तो पैसे दिए गए और न ही क्रेडिट मिला. सरोज खान ने कहा था कि गाने का क्रेडिट गलत तरीके से कोरियोग्राफर विष्णु देवा को दे दिया गया. वहीं, भंसाली ने कई मौकों पर सरोज खान को भारतीय सिनेमा की सबसे महान कोरियोग्राफर्स में से एक बताया था.

Advertisement


 

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bengal News: Suvendu Adhikari ने Mamata Banerjee के कितने फैसले पलटे? | CM Yogi
Topics mentioned in this article