केडी: द डेविल के गाने पर बवाल, यूट्यूब से हटा सरके चुनर तेरी सरके, नोरा फतेही-संजय दत्त पर केस

कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के एक हिंदी गीत को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. गीत के बोलों पर आपत्ति जताते हुए इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है और मामला अदालत तक पहुंचने की स्थिति में है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
संजय दत्त-नोरा फतेही के गाने पर हुआ विवाद

कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल' के एक हिंदी गीत को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. गीत के बोलों पर आपत्ति जताते हुए इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है और मामला अदालत तक पहुंचने की स्थिति में है. इस पूरे विवाद पर एनडीटीवी ने खास बातचीत की उस वकील से, जिन्होंने इस गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. यह फिल्म कई भाषाओं में डब होकर रिलीज होने वाली है, लेकिन हिंदी संस्करण को लेकर उठे सवालों ने बहस छेड़ दी है.

रिपोर्टर: आपने गाना देखा और गाना देखने के बाद आपने क्या शिकायत दर्ज की है और कहां-कहां पर की है?
जवाब: देखिए, मेरा जो स्थानीय पुलिस स्टेशन है, जहां मैं स्थित हूं मीरा रोड में...मैंने वहां पर शिकायत दर्ज की है, इसके अंदर जितने भी लोग शामिल हैं, चाहे वह संगीतकार हों, गायक हों, निर्देशक हों या फिल्म के निर्माता. साथ ही, मैं इसे राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने भी दर्ज कर रही हूं. इसके अलावा, मैं महिलाओं के गलत चित्रण और उन्हें वस्तु के रूप में दिखाने के खिलाफ भी कार्रवाई करना चाहती हूं.

यह भी पढ़ें: ऋषि कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म, सभी गाने हिट, रेखा-माधुरी-मीनाक्षी ने ठुकराई, हीरोइन बन पछताईं जूही चावला

इसे अब रोकना चाहिए, क्योंकि हम एक ऐसी पीढ़ी में हैं जहां भारत एक युवा देश है. इसे ‘यंगिस्तान' कहा जाता है. और इस यंगिस्तान में अगर इस तरह के शर्मनाक कृत्यों को बढ़ावा दिया जाता है, तो निश्चित रूप से अपराधों की दर बढ़ेगी, क्योंकि यह सब सामान्य हो जाएगा. ये जो गंदी चीज़ें हो रही हैं, अगर ये सामान्य हो रही हैं, तो दूसरी तरफ अपराध दर बढ़ रही है. इसलिए हम इसे नियंत्रित करना चाहते हैं.

रिपोर्टर: आपने कलाकारों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की है, नोरा के या जो बाकी कलाकार हैं?
जवाब: हां, नोरा के खिलाफ की है. उनकी इसमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. वह एक महिला हैं और एक महिला का प्रतिनिधित्व करती हैं. उनका प्रभाव भी बहुत बड़ा है. अगर वह इस तरह की हीजों को बढ़ावा दे रही हैं, तो यह उनकी गैर-जिम्मेदारी है.

Advertisement

रिपोर्टर: गाने में संजय दत्त भी नजर आते हैं, तो क्या केवल नोरा पर ही या अन्य कलाकारों पर भी?
जवाब: देखिए, संजय दत्त एक पुरुष हैं, उनकी भी जिम्मेदारी बनती है कि वह इस तरह की चीजों को आगे न बढ़ाएं. वह एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं. उनके पिता और मां भी कलाकार रहे हैं. वह एक ऐसे दौर से आते हैं जहां अदब और लिहाज को महत्व दिया जाता था. अगर वह इसका हिस्सा हैं, तो निश्चित रूप से वह भी मेरी शिकायत के दायरे में आते हैं.

रिपोर्टर: आपने अभी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की है. क्या नोटिस भी भेजे जाएंगे? मामला अदालत में कब जाएगा?
जवाब: मेरी सारी तैयारी पूरी है और मैं इस पर काम कर रही हूं. शिकायत दर्ज हो चुकी है, सभी नोटिस जारी कर दिए गए हैं, वे पहुंच जाएंगे. हम इंतजार करेंगे और इसके लिए लड़ेंगे.

Advertisement

रिपोर्टर: क्या फिल्मकार या निर्माता की तरफ से कोई संपर्क हुआ है?
जवाब: अभी नहीं, क्योंकि यह प्रक्रिया अभी शुरू हुई है. देखते हैं आगे क्या होता है. जब उन्हें एहसास होगा कि यह सामान्य बात नहीं है, तो शायद वे गंभीरता से लें. लेकिन फिलहाल मैं उनसे बात नहीं करूंगी, मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी.

रिपोर्टर: हिंदी संस्करण यूट्यूब से हटाया गया है, इस पर आप क्या कहेंगी?
जवाब: हिंदी से भले ही हटा दिया गया हो, लेकिन अन्य भाषाओं में उपलब्ध है. लोग इसे सुन चुके हैं. फिलहाल हटाना इसका अस्तित्व खत्म नहीं करता. यह कहीं न कहीं दूसरी भाषाओं में सुना और प्रचारित होगा.

रिपोर्टर: अगर दूसरी भाषाओं में अर्थ अलग हुआ तो क्या आपका मामला सिर्फ हिंदी तक सीमित है?
जवाब: भाषा कोई बाधा नहीं है. किसी भी भाषा में इसका अर्थ और संदेश वही रहेगा.

रिपोर्टर: अगर दूसरी भाषा में अर्थ अलग हुआ तो?
जवाब: हमने जिस भाषा में सुना, वह हमें आपत्तिजनक लगा. अन्य भाषाओं का मुझे ज्ञान नहीं है, लेकिन वीडियो में जो दिखाया गया है, वह भारतीय समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है. पहले भी इस तरह के गीत आए हैं, लेकिन अब चीज़ें बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं. अब इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यह शुरुआत है, और शुरुआत में ही इसे गलत कहना जरूरी है.

Advertisement

रिपोर्टर: हाल ही में बादशाह के एक गीत पर भी विवाद हुआ था, उस पर आपका क्या कहना है?
जवाब: उसके खिलाफ भी आवाज उठी थी. अगर किसी मामले में आवाज नहीं उठी, तो इसका मतलब यह नहीं कि इस पर भी नहीं उठेगी.

रिपोर्टर: आपका अगला कदम क्या होगा?
जवाब: अगला कदम...हम इस मामले को अदालत में ले जा रहे हैं. मेरा न्यायपालिका पर विश्वास है. एक समय था जब अदब बिकता था. सलमान खान, शाहरुख खान, संजय दत्त, धर्मेंद्र वह एक स्वर्णिम दौर था. आज जो दिखाया जाएगा, वही समाज में बढ़ेगा. मनोरंजन समाज को सुधारने का माध्यम होना चाहिए, बिगाड़ने का नहीं.

Advertisement

रिपोर्टर: ‘चोली के पीछे क्या है' जैसे गीत पहले भी आए हैं, क्या आपको नहीं लगता कि यह पहले भी होता रहा है?
जवाब: अगर कुछ पहले होता आया है, तो जरूरी नहीं कि उसे जारी रखा जाए. अगर वह गलत है, तो उसे रोकना हमारा कर्तव्य है.

रिपोर्टर: अगर आप उस समय होतीं तो क्या उस पर भी केस करतीं?
जवाब: निश्चित रूप से.

रिपोर्टर: धन्यवाद.
जवाब: धन्यवाद, आपने मेरी बात सुनी.

रिपोर्टर: यह मामला कहां दायर किया जाएगा?
जवाब: सबसे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने और उसके बाद संबंधित न्यायालय के क्षेत्राधिकार में केस दायर किया जाएगा. हमने नोटिस भेज दिए हैं. उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.

Featured Video Of The Day
ईरान के साथ युद्ध पर अमेरिका का बड़ा बयान, Trump ने क्या कह कर चौंकाया? | BREAKING NEWS