करिश्मा कपूर और सरोज खान ने मिलकर एक साथ कई गाने किए जो हिट भी रहे. फिल्म कृष्णा का सुपरहिट गाना झांझरिया, जिसने करिश्मा को खूब तारीफे दिलवाई, सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था. हालांकि सरोज खान और करिश्मा कपूर के बीच एक फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद दोनों ने फिर कभी भी साथ काम नहीं किया. सरोज खान की असिस्टेंट कोरियोग्राफर ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि दोनों के बीच फिल्म दिल तो पागल है कि शूटिंग के बीच अनबन हो गई थी.
क्यों हुई थी करिश्मा और सरोज में लड़ाई
'बॉलीवुड ठिकाना' के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में, रुबीना ने करिश्मा और मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान से जुड़े सेट पर हुए वाकये का जिक्र किया. इस आउटलेट से बात करते हुए रुबीना ने बताया, "एक बार, करिश्मा कपूर सरोज खान के साथ एक गाने की शूटिंग कर रही थीं. उस गाने में एक सीन था, जिसमें एक्टर्स को दौड़कर एक खास जगह पर रुकना था. सेट पर एक पेड़ था और सीन के मुताबिक, कुछ लड़के और लड़कियां उस पर छिपे हुए थे. शॉट के दौरान, पेड़ की एक डाल टूट गई और वहां छिपा हुआ एक लड़का गलती से करिश्मा कपूर पर गिर गया. उन्हें चोट लग गई."
उन्होंने बताया कि इस हादसे से करिश्मा बहुत अधिक गुस्सा हो गई थीं. उन्होंने कहा, "करिश्मा बहुत ज्यादा गुस्सा हो गईं. वह उस लड़के पर चिल्लाने लगीं और उसे बुरा-भला कहने लगीं. उन्होंने उसे बेवकूफ कहा. इस बर्ताव से सरोज खान नाराज हो गईं क्योंकि वह हमेशा अपनी टीम को लेकर बहुत प्रोटेक्टिव रहती थीं.
रूबीना ने बताया, "सरोज जी ने तुरंत बीच-बचाव किया और करिश्मा से कहा कि वह इस तरह का बर्ताव नहीं कर सकतीं. उस लड़के ने जान-बूझकर ऐसा नहीं किया था और उसने माफी भी मांग ली थी. लेकिन करिश्मा ने शूटिंग जारी रखने से मना कर दिया और सेट से बाहर चली गईं, जो कि समझा जा सकता है. उसके बाद सरोज खान ने करिश्मा कपूर के साथ फिर कभी काम नहीं किया."
यह भी पढ़ें: फराह खान की शादी में भाई साजिद नहीं, शाहरुख खान ने निभाई थी कन्यादान की रस्म, 22 साल पुराना वीडियो वायरल
1997 में हुए इस मनमुटाव के पहले करिश्मा और सरोज ने पहले कई हिट गानों पर साथ काम किया था. लेकिन इस वाकये के बाद दोनों ने फिर कभी साथ काम नहीं किया. वर्कफ्रंट की बात करें तो करिश्मा कपूर को आखिरी बार 2024 की फिल्म 'मर्डर मुबारक' में विजय वर्मा और सारा अली खान के साथ देखा गया था.