सलमान खान के नोटिस पर काला हिरण के प्रोड्यूसर अमित जानी का पलटवार, कैमरे के सामने फाड़ डाला लीगल नोटिस

काला हिरण के प्रोड्यूसर अमित जानी को सलमान खान की टीम ने फिल्म बनाने को लेकर लीगल नोटिस भेजा था. अब अमित जानी ने इस नोटिस को कैमरे के सामने फाड़ दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
काला हिरण के प्रोड्यूसर अमित जानी ने फाड़ा नोटिस
Social Media
नई दिल्ली:

सलमान खान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित ‘काला हिरण' फिल्म को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें सलमान खान की ओर से कानूनी नोटिस भेजा गया है. नोटिस मिलने के बाद अमित जानी ने एक वीडियो जारी कर न सिर्फ अपनी प्रतिक्रिया दी है, बल्कि कैमरे के सामने कथित तौर पर नोटिस भी फाड़ दिया.

वीडियो में अमित जानी कहते हैं, 'सब मुझसे पूछ रहे हैं कि सलमान खान का जो नोटिस आया है, उसका आपको क्या जवाब देना है? मैं किसका जवाब दूं?' उन्होंने दावा किया कि पिछले 36 घंटों से उन्हें लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं. अमित जानी के अनुसार, उन्हें जान से मारने, मुंबई आने पर हमला करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां दी गई हैं.

वीडियो में उन्होंने कहा, 'हजारों मैसेज आए हैं. जान से मारने की धमकियां दी गई हैं. एक मैसेज तो डी कंपनी के नाम से भी भेजा गया है.' हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह संदेश वास्तविक था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.

अमित जानी ने वीडियो में कथित कानूनी नोटिस दिखाते हुए कहा, 'यह रहा आपका नोटिस. यह रहा मेरे जवाब का तरीका.' इसके बाद वह कैमरे के सामने नोटिस फाड़ते हुए दिखाई देते हैं. आगे उन्होंने कहा, 'नोटिस का जवाब तो मैं दे चुका हूं. अब जो धमकियां दी जा रही हैं, उन्हें भी देखेंगे. भेजो जिसे भेजना हो.'

Advertisement

गौरतलब है कि अमित जानी इससे पहले विवादित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स' को लेकर चर्चा में रहे हैं. उस फिल्म का निर्देशन भारत श्रीनेत ने किया था. अब अमित जानी की नई फिल्म ‘काला हिरण' का निर्देशन भी भारत श्रीनेत ही करने जा रहे हैं. फिल्म की घोषणा के साथ इसका पहला पोस्टर भी जारी किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं.

Advertisement

फिल्म के पोस्टर ने रिलीज होते ही बहस छेड़ दी थी क्योंकि इसमें कहानी को सलमान खान के बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले से जोड़कर प्रस्तुत किया गया था. फिल्म से जुड़ी एक और अहम जानकारी यह है कि इसमें सलमान खान से प्रेरित किरदार अभिनेता काशिफ खान निभाने वाले हैं. काशिफ खान टेलीविजन की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं और वह ‘वो रहने वाली महलों की' तथा ‘हार जीत' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम कर चुके हैं.

हालांकि फिल्म की शूटिंग, कलाकारों की पूरी सूची और रिलीज डेट को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन फिल्म की घोषणा के साथ शुरू हुआ विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अमित जानी के ताजा वीडियो ने इस विवाद को और हवा दे दी है.

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि अमित जानी के आरोपों और उनके वायरल वीडियो पर सलमान खान या उनकी कानूनी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं.

Featured Video Of The Day
दिल्ली लालकिला धमाके के आरोपी कोर्ट में पेशी से पहले खिलखिलाते नजर आए, वीडियो
Topics mentioned in this article