कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'वेलकम' में मजनू भाई (अनिल कपूर) घोड़े की पेंटिंग बनाते हैं. यह पेंटिंग आज भी मीम्स का हिस्सा है और अब न्यूयॉर्क के मेट गाला रेड कार्पेट तक पहुंच गई है. ऐसा हम नहीं बल्कि अनिल कपूर का लेटेस्ट पोस्ट कह रहा है, जिसमें अभिनेता अनिल कपूर इस साल के मेट गाला रेड कार्पेट पर नजर आ रहे हैं. वहीं उनकी ड्रेस में मजनू भाई का पेंटिंग कनेक्शन नजर आ रहा है. हालांकि सच यह है कि अनिल कपूर ने एआई से बनी अपनी मेट गाला और मजनू भाई क्रॉसओवर फैंस के साथ शेयर किया है. बुधवार को अभिनेता ने चुटकी लेते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपने इस कार्यक्रम की तस्वीर शेयर की. वीडियो के बैकग्राउंड में उन्होंने 'वेलकम' फिल्म का टाइटल ट्रैक ऐड किया.
मेट गाला में अनिल कपूर का मजनू भाई कनेक्शन
वीडियो शेयर कर अनिल कपूर ने लिखा, "जब मेट गाला और मजनू भाई का मिलन हुआ. कला की कोई सीमा नहीं होती." बता दें कि इस पेंटिंग में एक घोड़े के ऊपर गधा दिखाई देता है. अभिनेता ने एक शो के दौरान बताया था कि इस पेंटिंग की असली कॉपी अभी भी उनके घर में है. साथ ही, उन्होंने इस पेंटिंग के पीछे का अर्थ समझाते हुए कहा था कि घोड़ा कड़ी मेहनत का प्रतीक है, जबकि गधा उस व्यक्ति का प्रतिनिधित्व करता है, जो ज्यादा मेहनत नहीं करता है.
ये भी पढे़ं- कभी अपने ही बालों से थी नफरत, आज वही बनी इस टॉप एक्ट्रेस की पहचान, करोड़ों लेती हैं फीस
वेलकम में नजर आई थी ये पेंटिंग
यह पेंटिंग सोशल मीडिया पर मीम्स के लिए बहुत लोकप्रिय है और ऑनलाइन बिक्री के लिए भी उपलब्ध है. लोग बड़े मजेदार अंदाज में पेंटिंग को अपने घर में सजावट के तौर पर रखते हैं. साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'वेलकम' का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था. यह फिल्म अपनी शानदार कॉमेडी, नाना पाटेकर (उदय शेट्टी) और अनिल कपूर (मजनू भाई) के अभिनय और मजेदार संवादों के लिए जानी जाती है. फिल्म के कुछ डायलॉग्स, कैरेक्टर्स और गाने आज भी सोशल मीडिया पर वायरल रहते हैं.
वेलकम के बारे में
फिल्म की कहानी एक सीधा-सादा लड़के राजीव (अक्षय कुमार) के ईर्द-गिर्द घूमती है, जो संजना (कैटरीना कैफ) से प्यार करता है, लेकिन बाद में पता चलता है कि उसके भाई (उदय और मजनू) गैंगस्टर हैं. कहानी तब हास्यास्पद हो जाती है जब गैंगस्टर अपनी बहन की शादी के लिए खुद को 'शरीफ' दिखाने की कोशिश करते हैं.
ये भी पढे़ं- Vijay Thalapathy Wife: विजय की वाइफ की 7 तस्वीरें, एक्टर से राजनेता बने तलपति पर लगाया बेवफाई का आरोप