धुरंधर द रिवेंज के भारत में रिलीज होते ही जहां बॉक्स ऑफिस पर तूफान देखने को मिला, वहीं पाकिस्तान में इस फिल्म को लेकर अलग ही क्रेज नजर आ रहा है. भले ही फिल्म को वहां थिएटर रिलीज नहीं मिली, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे देखने के लिए लोगों के ‘जुगाड़' वायरल हो रहे हैं. एक वायरल मीम में लिखा था, “धुरंधर 2 सिनेमाघरों में रिलीज हो गयी है…इस बीच पाकिस्तानी- VPN ऑन करो, VPN ऑन करो", जो तेजी से ट्रेंड कर रहा है. यह साफ दिखाता है कि बैन के बावजूद फिल्म के लिए दर्शकों की दीवानगी कम नहीं हुई है.
पकिस्तान में ब्लॉकबस्टर धुरंधर
दिलचस्प बात यह है कि OTT पर रिलीज के बाद भी फिल्म ने पाकिस्तान में धूम मचा दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर यह फिल्म नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है. 30 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म को वहां जबरदस्त व्यूअरशिप मिल रही है. हालांकि, फिल्म के बैन होने के चलते पाइरेसी भी तेजी से बढ़ी है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि महज दो हफ्तों में करीब 20 लाख अवैध डाउनलोड्स दर्ज किए गए. मशहूर यूट्यूबर कार्ल रॉक ने कराची के रेनबो सेंटर में इस फिल्म की पाइरेटेड कॉपियां बिकते हुए दिखाईं, जहां इसे सिर्फ 50 पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 भारतीय रुपये) में बेचा जा रहा था.
पाकिस्तान में फिल्म को लेकर विवाद
फिल्म की कहानी में कंधार हाईजैकिंग, मुंबई 26/11 अटैक्स और लियारी गैंग वॉर जैसे संवेदनशील मुद्दों को दिखाया गया है, जिस वजह से पाकिस्तान में इस पर विवाद भी खड़ा हो गया. सिंध के सूचना मंत्री शरजील इनाम मेमन ने फिल्म को ‘नकारात्मक प्रचार' बताते हुए इसकी आलोचना की. वहीं, फिल्म में बेनजीर भुट्टो के रोल को लेकर कराची कोर्ट में याचिका भी दायर की गई है. इन विवादों के बावजूद, रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने भारत में इतिहास रच दिया है. ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और सिंगल लैंग्वेज में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है.