क्रिकेट जैसे एक बिल्कुल ही अलग क्षेत्र से आकर एक्टिंग और सिंगिंग की दुनिया में कदम रखना आसान नहीं होता, लेकिन हार्डी संधू ने न सिर्फ ऐसा किया, बल्कि उन्होंने लाजवाब सिंगिंग और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में नाम और जगह भी पक्की की. हार्डी संधू मुख्य रूप से पंजाबी और हिंदी संगीत व फिल्मों में काम करते हैं. उनका जन्म 6 सितंबर 1986 को पंजाब के पटियाला में एक सिख परिवार में हुआ था. उनका पूरा नाम हरदविंदर सिंह संधू है, जो कि एक लोकप्रिय गायक, अभिनेता और पूर्व क्रिकेटर हैं. उनके पिता का नाम जसवीर सिंह संधू और माता का नाम बलबीर कौर है. वहीं, उनका एक बड़ा भाई भी है.
तेज गेंदबाज थे हार्डी संधू
बहुत कम लोग जानते होंगे कि जो अभिनेता और सिंगर इतनी बेहतरीन सिंगिंग के साथ पर्दे पर शानदार एक्टिंग करते हैं, वह एक समय में तेज गेंदबाज थे. उन्होंने अंडर-17 और अंडर-19 टीम के लिए क्रिकेट खेला. इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी भी खेली. हालांकि, वर्ष 2007 में हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें क्रिकेट छोड़ना पड़ा, जिसके बाद वह गहरे तनाव में चले गए थे, लेकिन उन्होंने अपने आप को संभाला और क्रिकेट से बिल्कुल अलग एक नए क्षेत्र में कदम रखा.