बुक माय शो पर हर घंटे की बुकिंग में ‘हनुमान अंश’ ने ‘आवारापन 2’ को पछाड़ा, 25 शो से पहुंची 700 पर

हनुमान अंश के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 24 अगस्त की शाम करीब 5 बजे बुक माय शो पर हर घंटे टिकट बुकिंग के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने ‘आवारापन 2’ को पीछे छोड़ दिया.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
हनुमान अंश को मिला दर्शकों का प्यार, बढ़ी कमाई, आवारापन 2 को खतरा
Social Media
नई दिल्ली:

7 अगस्त को रिलीज हुई नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है. करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अब तक करीब 4.68 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है और मुनाफे में पहुंच गई है. खास बात यह है कि स्क्रीन की कमी से जूझने के बाद फिल्म ने दोबारा रफ्तार पकड़ी है. 14 अगस्त को ‘बंटवारा 1947' और ‘आवारापन 2' की रिलीज के बाद ‘हनुमान अंश' के ज्यादातर सिनेमाघरों से शो हटा दिए गए थे. फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इस स्थिति के बावजूद हार नहीं मानी. उन्होंने फिल्म के लीड एक्टर शोभनव सत्ता के साथ मिलकर अलग-अलग शहरों का दौरा किया और सिनेमाघर मालिकों से फिल्म को दोबारा लगाने की अपील की.

अब फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 24 अगस्त की शाम करीब 5 बजे बुक माय शो पर हर घंटे टिकट बुकिंग के मामले में ‘हनुमान अंश' ने ‘आवारापन 2' को पीछे छोड़ दिया. ‘आवारापन 2' की प्रति घंटे बुकिंग 2.18 हजार थी, जबकि ‘हनुमान अंश' की बुकिंग दर 2.63 हजार टिकट प्रति घंटा रही.

25 शो से सीधे 700 से ज्यादा शो

एनडीटीवी से खास बातचीत में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म की कमाई करीब 5 करोड़ रुपये के नेट तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि रविवार के कुछ आंकड़े अभी बाकी हैं, इसलिए अंतिम आंकड़े में थोड़ा बदलाव हो सकता है.

फिल्म के अचानक रफ्तार पकड़ने की वजह बताते हुए विशाल ने कहा, “एक तो हाई पब्लिक डिमांड है. बहुत सारे लोगों ने जिन्होंने फिल्म पहले वीक में देखी थी, जब तक वो सेकंड वीक तक पहुंचे, तब तक फिल्म सारे थिएटर्स से निकल चुकी थी. करीब 25 थिएटर्स में फिल्म बची थी और वहां जिन लोगों ने फिल्म देखी, वो सारे शोज हाउसफुल जा रहे थे.”

Advertisement

Photo Credit: social media

विशाल के मुताबिक, सोशल मीडिया पर भी दर्शकों ने फिल्म के समर्थन में रील्स बनानी शुरू कर दीं. लोग सवाल उठा रहे थे कि अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद फिल्म की चर्चा क्यों नहीं हो रही है. निर्देशक के मुताबिक, दर्शकों ने फिल्म को ‘अंडररेटेड' और ‘मास्टरपीस' तक कहना शुरू कर दिया.

इसी दौरान निर्देशक और फिल्म के लीड एक्टर ने रोड ट्रिप शुरू की. सूरत से शुरू हुई इस यात्रा में वे वडोदरा, अहमदाबाद, राजकोट और मोरबी के अलावा जयपुर और जोधपुर जैसे शहरों में पहुंचे. उन्होंने दर्शकों और थिएटर मालिकों से फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में जगह देने की अपील की.

Advertisement

विशाल ने बताया कि सोशल मीडिया की चर्चा और उनकी इस मुहिम का असर हुआ. उन्होंने कहा, “अचानक से इस फ्राइडे को बहुत हाई डिमांड आई और अब थिएटर में लगभग पूरे देश में 700 से ऊपर शोज हो गए. 25 शोज से हम 700 शोज पर विदिन टू डेज पहुंच गए.”

रिलीज के वक्त थे 250 स्क्रीन, फिर रह गई थीं सिर्फ 25

‘हनुमान अंश' जब रिलीज हुई थी, तब इसे करीब 250 स्क्रीन और लगभग 350 शो मिले थे. लेकिन ‘बंटवारा 1947' और ‘आवारापन 2' की रिलीज के बाद अगले हफ्ते फिल्म महज 25 स्क्रीन और 25 शोज तक सिमट गई.

विशाल ने बताया कि 14 अगस्त और उसके अगले दिन स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होने के कारण बड़ी फिल्मों को लेकर सिनेमाघर मालिकों ने ‘हनुमान अंश' के ज्यादातर शो हटा दिए थे. अब फिल्म के पास दोबारा 200 से 250 के बीच स्क्रीन हैं और कई थिएटरों में पांच से छह शो रोज चल रहे हैं.

‘बंटवारा 1947' का कमजोर प्रदर्शन भी बना वजह?

जब विशाल से पूछा गया कि फिल्म की वापसी की असली वजह उनका सिटी टूर है या ‘बंटवारा 1947' का कमजोर प्रदर्शन, तो उन्होंने दोनों पहलुओं को अहम बताया. उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को रिलीज हुई फिल्मों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, खास तौर पर ‘बंटवारा 1947' का.

Advertisement

विशाल ने बुक माय शो की प्रति घंटे की बुकिंग का आंकड़ा देते हुए कहा, “अगर आप हमारे नंबर देखेंगे बुक माय शो पर, जो पर ऑवर बुकिंग आ रही है, वो 2.63 K पर आवर आ रही है, जबकि आवारापन का हमसे थोड़ा कम है और ये 2.18 K है.”

उन्होंने यह भी कहा कि ‘हनुमान अंश' ने ‘ओह माय डॉग' और ‘बंटवारा 1947' समेत बाकी फिल्मों को भी बुकिंग के मामले में पीछे छोड़ दिया है.

Advertisement

‘ओह माय डॉग' के निर्देशक को दी शुभकामनाएं

‘ओह माय डॉग' के शोज बढ़ने की खबर पर भी विशाल चतुर्वेदी ने खुशी जताई. उन्होंने कहा, “अमित ने भी अच्छी फिल्म बनाई है, उनका भी मुझे लगता है काफी अच्छा रिस्पांस है. अगर वो स्क्रीन होल्ड कर पा रहे हैं तो ये अपने-आप में अच्छी बात है. उनको भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं मेरी तरफ से.”

‘हनुमान अंश' का सफर इस लिहाज से दिलचस्प है कि एक समय फिल्म महज 25 शोज तक सिमट गई थी, लेकिन दर्शकों की मांग, सोशल मीडिया पर चर्चा और निर्देशक की थिएटर मालिकों तक पहुंच बनाने की कोशिश के बाद फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है.

Featured Video Of The Day
3,400 Kiss वाली वायरल कार के मालिक पर पुलिस ने लगाया भारी जुर्माना
Topics mentioned in this article
Hanuman Ansh
Hanuman Ansh Movie
Entertainment
Bollywood
Awarapan 2