हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर सक्सेस के झंडे गाड़ रही है. इस फिल्म ने 46 दिन में दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं शुरुआत में किसी को अंदाजा तक नहीं था कि वह इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनने वाले हैं. फिल्म कर चुके हर शख्स को ये टीम की कड़ी मेहनत, डेडिकेशन और यकीन का नतीजा लगता है. फिल्म में रामनंदन भोसले के किरदार में नजर आए चंदन आनंद भी कुछ इसी तरह की सोच रखते हैं. उनके मुताबिक फिल्म के सेट पर जरूर दैवीय घटनाएं सभी ने महसूस कीं लेकिन फिल्म की सक्सेस को केवल और केवल चमत्कार कहना ठीक नहीं होगा.
बजरंग बली की निगरानी में हो रही थी शूटिंग!
चंदन ने फिल्म से जुड़ा अपना एक ऐसा एक्सपीरियंस शेयर किया कि सुन आप भी हैरान रह जाएंगे. चंदन ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पहले से चल रही थी बीच में उन्हें चित्रकूट बुलाया गया था. वहां मौसम के हिसाब से चंदन के मन में कहीं से खयाल आया कि काम निपटाने के बाद एक ठंडी बीयर पी जाए. लेकिन वो खुद नहीं जानते थे कि आगे कुछ और ही होने वाला था. चंदन ने बताया, मुझे नहीं पता था कि सेट पर खाने-पीने को लेकर कुछ गाइडलाइन्स हैं. मैंने सोचा था इस मौसम को थोड़ा इंजॉय करने के लिए काम खत्म कर बीयर पीउंगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं. दरअसल मैंने वहां पहुंचने के बाद चाय पी थी. इस चाय की वजह से मेरे पेट में ऐसा दर्द उठा कि मैं 6 दिन तक केवल सात्विक खाने दाल खिचड़ी पर रहा. बाद में जब पता चला कि सेट पर भी इसी तरह का माहौल था तो मैंने सभी डॉट्स कनेक्ट किए. मैं खुद देखकर हैरान था कि कैसे मेरी प्लानिंग पर हनुमान जी की शंटी चली और मैं भी इतने दिन सात्विक ही रहा.