भूत बंगला की बॉक्स ऑफिस कामयाबी के बाद वेलकम टू द जंगल के लिए अक्षय कुमार को तारीफें मिल रही हैं. फिल्म को जहां क्रिटिक्स और फैंस से तारीफें मिल रही हैं तो वहीं बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने अच्छी कमाई हासिल की है. इसी बीच एक्टर अक्षय कुमार की नई फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है. दरअसल, वह सैफ अली खान के साथ अपकमिंग फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे, जो 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जो भूत बंगला को डायरेक्ट कर चुके हैं. लेकिन हैवान की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर किससे होने वाली है. आइए आपको बताते हैं.
हैवान की रिलीज डेट का हुआ ऐलान
केवीएन प्रोडक्शंस ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया. प्रोडक्शन हाउस द्वारा शेयर किए गए पोस्टर पर लिखा था, "11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में। 60 ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन लेकर आ रहे हैं 'हैवान'." जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि 'हैवान' एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी. फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी. केवीएन प्रोडक्शन और थेस्पियन फिल्म्स प्रोडक्शन की फिल्म 'हैवान' को वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने प्रोड्यूस किया है. इस बीच, प्रियदर्शन और अक्षय कुमार ने हाल ही में फिल्म 'भूत बंगला' के लिए फिर से साथ काम किया था. इस फिल्म में परेश रावल, जिशु सेनगुप्ता, राजपाल यादव, तब्बू, वामिका गब्बी और असरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे.
ये भी पढ़ें- मानसून प्लेलिस्ट में जरूर होगा RD बर्मन का 47 साल पुराना गाना, किशोर कुमार ने दी थी आवाज, सिंगर शान ने की यादें ताजा
सितंबर में इन फिल्मों से होगा हैवान का सामना
अगस्त में टॉक्सिक के ऐलान के बाद अब सितंबर में भी बॉक्स ऑफिस पर धमाका होने वाला है. दरअसल, 4 सितंबर को मिर्जापुर द मूवी, 18 सितंबर को पृथ्वीराज सुकुमारन और करीना कपूर की दायरा रिलीज होगी. जबकि जेलर 2 की भी रिलीज होने की खबरें हैं. हालांकि 11 सितंबर को अभी अन्य किसी फिल्म की रिलीज डेट सामने नहीं आई है.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हिट जोड़ी
'भूत बंगला' 2007 में रिलीज हुई 'भूल भुलैया' के बाद प्रियदर्शन की दूसरी हिंदी हॉरर-कॉमेडी फिल्म है. इस फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और मनोज जोशी ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं. यह फिल्म 2026 की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म और तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म भी बन चुकी है.
अक्षय कुमार और सैफ अली खान के बारे में
अक्षय कुमार की हालिया फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' है. यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन अहमद खान ने किया है. फिल्म में एक बड़ी स्टार कास्ट है, जिसमें अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, रवीना टंडन, दिशा पटानी, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, मीका सिंह, मुकेश तिवारी, जाकिर हुसैन, यशपाल शर्मा, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, तुषार कपूर और सयाजी शिंदे जैसे नाम शामिल हैं. वहीं सैफ हाल ही में पुलकित की फिल्म 'कर्तव्य' में नजर आए. इसमें रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा और जाकिर हुसैन भी हैं. यह फिल्म एक पुलिस अफसर के बारे में है, जिसके परिवार पर खतरा मंडरा रहा है. उसे यह तय करना है कि अपने परिवार की सुरक्षा और अपनी नौकरी की जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने के लिए वह किस हद तक जा सकता है.