संपूर्ण सिंह कालरा के गुलजार बनने की पुरानी दास्तान, 63 साल पहले आया था पहला गाना, नूतन की सादगी, लता की आवाज ने बनाया सदाबहार

गुलजार पैसे कमाने के लिए एक गैराज में काम करते थे. वो बिमल रॉय थे जिन्होंने उनकी प्रतिभा को पहचाना और अपने साथ काम करने का मौका देकर संपूर्ण सिंह कालरा को 'गुलजार' बना दिया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
जानें कैसे संपूर्ण सिंह कालरा बने गुलजार, गीतकार ही नहीं शानदार डायरेक्टर भी
Social Media
नई दिल्ली:

गुलजार का नाम सुनते ही खूबसूरत शायरी, दिल को छू लेने वाले गाने और ऐसी कहानियां आंखों के सामने आती हैं, जिनमें इमोशन्स को बेहद आसानी से समझा जा सकता है. आज गुलजार हिंदी सिनेमा और साहित्य की दुनिया का बड़ा नाम हैं, लेकिन उनका सफर किसी फिल्मी परिवार से शुरू नहीं हुआ था. एक समय ऐसा भी था जब मुंबई में गुजारा करने के लिए वह गैराज में काम करते थे और कारों पर पेंट किया करते थे. शायद तब उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन उनकी लिखी पंक्तियां देश-दुनिया में मशहूर होंगी. उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब निर्देशक बिमल रॉय ने उनकी प्रतिभा को पहचान लिया. गुलजार का जन्म 18 अगस्त 1934 को ब्रिटिश भारत के पंजाब के दीना इलाके में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है. उनका असली नाम संपूरण सिंह कालरा है. 

बंटवारे के बाद आए भारत

भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद उन्हें अपने परिवार से अलग होकर काफी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा. बाद में वह मुंबई पहुंचे और यहां रोजी-रोटी के लिए एक मोटर गैराज में काम करने लगे. वह कारों पर पेंट करते थे. उस समय उनके पास ज्यादा पैसे नहीं थे, लेकिन लिखने और पढ़ने का शौक उनके साथ बना रहा.

बिमल रॉय ने छुड़वाई गैराज की नौकरी

गुलजार की मुलाकात गीतकार शैलेंद्र के जरिए बिमल रॉय से हुई. उस समय बिमल रॉय 'बंदिनी' पर काम कर रहे थे. बिमल रॉय ने गुलजार की सोच और लिखने की क्षमता को पहचाना और उन्हें गैराज की नौकरी छोड़ने के लिए कहा. गुलजार ने बाद में एक इंटरव्यू में बिमल रॉय की कही बात याद करते हुए बताया था कि उन्होंने उनसे कहा था कि गैराज में वापस मत जाओ, अपनी जिंदगी बर्बाद मत करो. यह बात उनके लिए बहुत बड़ी थी, क्योंकि पहली बार किसी बड़े फिल्मकार ने उनके भीतर मौजूद लेखक को पहचाना था.

1963 में रिलीज हुआ पहला फिल्मी गीत

इसके बाद गुलजार, बिमल रॉय के साथ काम करने लगे. 'बंदिनी' साल 1963 में रिलीज हुई और इसी फिल्म से गुलजार ने गीतकार के रूप में शुरुआत की. फिल्म के संगीतकार एस.डी. बर्मन थे. गुलजार ने इस फिल्म के लिए 'मोरा गोरा अंग लई ले' गीत लिखा, जिसे लता मंगेशकर ने आवाज दी थी.

Advertisement

'बंदिनी' के बाद गुलजार का सफर लगातार आगे बढ़ता गया. उन्होंने गीतकार के साथ-साथ पटकथा और संवाद लेखक के तौर पर भी काम किया. आगे चलकर उन्होंने खुद फिल्में बनानी शुरू कीं. साल 1971 में 'मेरे अपने' से उन्होंने निर्देशन की शुरुआत की. इसके बाद 'कोशिश', 'अचानक', 'मौसम', 'आंधी', 'खुशबू', 'किताब' और 'नमकीन' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी फिल्मों में रिश्तों, अकेलेपन और आम जिंदगी की छोटी-छोटी भावनाओं को खास तौर पर दिखाया जाता था.

ऑस्कर भी जीत चुके हैं गुलजार

गुलजार की कलम ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए. उन्होंने अलग-अलग दौर के संगीतकारों के साथ काम किया और बाद में एआर रहमान के साथ भी उनकी जोड़ी खूब पसंद की गई. फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के गीत 'जय हो' ने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई. इस गीत के लिए गुलजार और एआर रहमान ने 2009 में ऑस्कर जीता. अगले साल 'जय हो' को ग्रैमी अवॉर्ड भी मिला.

यह भी पढ़ें: पिता गायक और मां पहलवान, दोनों ने मिलकर डाकू के नाम पर रखा बेटे का नाम, बड़ी फिल्मी है इस सिंगर के नाम का कहानी

Advertisement

गुलजार की उपलब्धियां केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रहीं. उन्हें साल 2002 में साहित्य अकादमी पुरस्कार, 2004 में पद्म भूषण और 2013 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिले. साल 2024 में उन्हें भारत के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मानों में से एक, ज्ञानपीठ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया. उनके पास कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार भी हैं. गुलजार की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही है. उन्होंने अभिनेत्री राखी से शादी की थी और दोनों की बेटी मेघना गुलजार हैं, जो खुद एक सफल फिल्म निर्देशक हैं.

Featured Video Of The Day
नसबंदी के बाद भी पिता बन गया 'कुत्ता'! अधिकारी से बोला- मेरी कौम बहुत वफादार है, भ्रष्टाचारियों ने हमें बदनाम किया
Topics mentioned in this article
Gulzar
Gulzar Birthday
Gulzar Films
Gulzar Songs
Entertainment