‘गिन्नी वेड्स सनी 2' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म से जुड़े कलाकार, संगीतकार और प्रोड्यूसर्स भी मौजूद रहे. फिल्म में अविनाश तिवारी और ‘12वीं फेल' से मशहूर हुईं मेधा शंकर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है और इसी वजह से मीडिया ने अविनाश और मेधा से सवाल किया कि बॉलीवुड के कौन से ऐसे अभिनेता हैं जिनकी कॉमेडी उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है या जिनकी कॉमिक टाइमिंग से वे प्रेरित रहे हैं.
इस सवाल पर सबसे पहले मेधा शंकर ने अपनी पसंद बताते हुए अक्षय कुमार और करीना कपूर का नाम लिया. मेधा ने अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग की तारीफ करते हुए कहा, “अक्षय कुमार सर… मुझे लगता है उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की है. वो जो करते हैं, वो सिर्फ वही कर सकते हैं. कई बार मुझे लगता है वो बस खुद ही हैं. समझ ही नहीं आता कि वो एक्टिंग कर रहे हैं या असल जिंदगी में भी वैसे ही हैं.”
मेधा ने आगे कहा कि अक्षय कुमार की कॉमेडी बेहद सहज लगती है और उनमें मेहनत दिखती नहीं, बल्कि सब कुछ बहुत नेचुरल नजर आता है. उन्होंने कहा, “वो इतने सहज हैं कि बाकी कलाकारों की कॉमेडी में कहीं न कहीं मेहनत दिख जाती है, लेकिन अक्षय कुमार की टाइमिंग बिल्कुल अलग है. वो इतने अच्छे हैं और इतने आइकॉनिक हैं.”
ये भी पढ़ें: धुरंधर 2 का दुनियाभर में तूफान, रणवीर सिंह की फिल्म ने ग्लोबल लेवल पर रचा इतिहास, टॉप 10 में बनाई जगह
मेधा ने बातचीत के दौरान करीना कपूर की कॉमिक टाइमिंग की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उन्हें लगता है करीना को कॉमेडी के लिए अक्सर कम आंका जाता है. मेधा ने कहा, “मुझे लगता है करीना कपूर को लोग कॉमेडी के लिए ज्यादा याद नहीं करते, लेकिन जब वो कॉमेडी करती हैं तो कमाल कर देती हैं. वो इस मामले में वाकई शानदार हैं.”
मेधा ने आगे यह भी कहा कि कुछ कलाकार असल जिंदगी में भी बहुत मजाकिया होते हैं और वही बात उनके अभिनय में भी नजर आती है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है ये दोनों ही असल जिंदगी में भी बहुत फनी लोग होंगे और शायद वही बात स्क्रीन पर इतनी आसानी से उतर आती है. मेरे दिमाग में तुरंत यही दो नाम आते हैं.”
वहीं अविनाश तिवारी ने अपनी पसंदीदा कॉमिक प्रेरणा के तौर पर बॉलीवुड के ‘कॉमेडी किंग' कहे जाने वाले गोविंदा का नाम लिया. अविनाश ने कहा, “मेरे लिए तो गोविंदा ही हैं. मुझे लगता है वो ऐसे अभिनेता हैं जो दुनिया में कहीं भी खड़े हो जाएं, किसी भी फिल्म में किसी भी एक्टर के सामने, तो नजर कहीं और जाती ही नहीं. वो गोविंदा हैं.”
इसके साथ ही अविनाश ने बातचीत के दौरान टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता गोपी भल्ला का भी जिक्र किया. खास बात यह है कि गोपी भल्ला ‘गिन्नी वेड्स सनी 2' की कास्ट का भी हिस्सा हैं और इस फिल्म में वह एक अहम किरदार निभाते नजर आएंगे. गोपी भल्ला को दर्शक खासतौर पर पॉपुलर टीवी सीरियल ‘एफआईआर' समेत कई कॉमेडी शोज और फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए पसंद करते रहे हैं.
अविनाश ने सेट के माहौल को याद करते हुए कहा, “आप सेट पर बहुत लोगों से मिलते हैं और मैं ये बात पूरे भरोसे से कह सकता हूं… गोपी दादा यहां थे. उनका सेंस ऑफ ह्यूमर और उनकी टाइमिंग बाकी सब से बिल्कुल अलग है.”
अविनाश ने यह भी बताया कि गोपी भल्ला की कॉमिक टाइमिंग इतनी खास है कि उसे कॉपी करने की कोशिश तो की जा सकती है, लेकिन वैसी सहजता हर किसी में नहीं आ पाती. अविनाश ने कहा, “आप चाहें तो उनकी नकल करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन उनकी टाइमिंग इतनी अलग है कि उसे पकड़ पाना आसान नहीं है. मैं भी एक बार कोशिश कर रहा था.”
‘गिन्नी वेड्स सनी 2' के ट्रेलर लांच के दौरान पूरी टीम ने इस बात पर ज़ोर दिया की ये एक फ़ैमिली फ़िल्म है जो आजकल कम ही देखने को मिलती हैं , उम्मीद करें की एक्शन फ़िल्मों के इस दौर में ये फ़िल्म दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना पाये.