मुंबई के बांद्रा स्थित मशहूर गेटी गैलेक्सी थिएटर पर पुलिस की कार्रवाई के बाद यह आइकॉनिक सिनेमाघर चर्चा में है. 1972 से संचालित इस थिएटर को लेकर विवाद फिल्म ‘हनुमान अंश' का शो नहीं लगाए जाने के बाद शुरू हुआ. इसके विरोध में प्रदर्शन हुए और कुछ प्रदर्शनकारियों ने थिएटर पर एक धर्म विशेष के प्रचार-प्रसार के आरोप भी लगाए. इसी दौरान पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान थिएटर के लाइसेंस और दूसरे जरूरी प्रमाण पत्रों की जानकारी सामने आई, जिसके बाद संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और थिएटर बंद कर दिया गया.
‘हनुमान अंश' के शो को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ‘हनुमान अंश' फिल्म का शो नहीं लगाए जाने के विरोध में कुछ लोगों ने गेटी गैलेक्सी के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का दावा था कि थिएटर को एक विशेष धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए किराए पर दिया जाता रहा है. इसी दौरान कुछ लोगों ने ‘मिर्जापुर' फिल्म के पोस्टर भी फाड़े. इस हंगामे को लेकर मुंबई पुलिस ने करीब 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की, जिसमें थिएटर की भी जांच और चेकिंग की गई.
ये Video भी देखें: बांद्रा के मशहूर गेटी गैलेक्सी थिएटर पर पुलिस की कार्रवाई
जांच में सामने आई बिना लाइसेंस थिएटर चलने की बात
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि थिएटर के लाइसेंस का साल 2021-22 से नवीनीकरण नहीं कराया गया था. इसके अलावा थिएटर में कुछ तकनीकी खामियां भी पाई गईं. जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि थिएटर को सुचारू रूप से चलाने के लिए जरूरी कई अन्य प्रमाण पत्रों का भी नवीनीकरण नहीं कराया गया था. नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद थिएटर संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया.
1972 से चल रहे थिएटर पर लगा ताला
मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी करते हुए गेटी गैलेक्सी थिएटर को बंद करने की कार्रवाई की है. करीब 50 साल से अधिक समय से चल रहे इस लोकप्रिय थिएटर के बंद होने से अब इसके भविष्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. गेटी गैलेक्सी मुंबई के पुराने और मशहूर सिनेमाघरों में गिना जाता है. यहां होने वाले फिल्मी आयोजनों और रिलीज से जुड़ी खबरों के कारण यह लंबे समय से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहा है. अब ‘हनुमान अंश' के शो से शुरू हुआ विवाद लाइसेंस और जरूरी प्रमाण पत्रों की जांच तक पहुंच गया है.
थिएटर के इस तरह बंद हो जाने से करोड़ों रुपये के भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, नुकसान की सही रकम अभी सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद थिएटर संचालकों के खिलाफ दर्ज मामले और आगे की जांच पर सबकी नजर है.