रणवीर सिंह से पहले दिलजीत दोसांझ और मीका सिंह पर भी लग चुका है FWICE का बैन, निकला था दोनों का पाकिस्तान कलेक्शन

रणवीर सिंह पर लगे FWICE बैन के बाद दिलजीत दोसांझ और मीका सिंह के पुराने विवाद फिर चर्चा में आ गए हैं. जानिए किन वजहों से इन सितारों पर कार्रवाई हुई और बाद में क्या हुआ.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
FWICE के बैन का सामना कर चुके हैं दिलजीत और मीका भी

बॉलीवुड में इन दिनों रणवीर सिंह को लेकर बड़ा विवाद चर्चा में है. फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी संस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानि FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ काम न करने का आदेश जारी कर दिया है. वजह बनी फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3, जिसे रणवीर ने शूटिंग शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले छोड़ दिया. लेकिन दिलचस्प बात ये है कि रणवीर पहले ऐसे स्टार नहीं हैं जिन पर इस संस्था ने सख्त कदम उठाया हो. इससे पहले दिलजीत दोसांझ और मीका सिंह भी इस तरह की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं. हालांकि उनके मामलों में वजह पाकिस्तान से जुड़े विवाद थे.

ये भी पढ़ें: जब वी मेट 2 से इम्तियाज अली ने झाड़ लिया पल्ला, बोले- कोई और बना ले, फिल्म को बताया बेकार एक्सपेरिमेंट

पाकिस्तानी कलाकारों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

FWICE पहले भी कई बार पाकिस्तान से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख दिखा चुका है. उरी हमले और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद संस्था ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने का विरोध किया था. इसका असर फवाद खान, माहिरा खान समेत कई सितारों पर पड़ा, जो उस समय बॉलीवुड में तेजी से लोकप्रिय हो रहे थे. संस्था ने भारतीय कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों से भी पाकिस्तानी नागरिकों के साथ काम न करने की अपील की थी.

दिलजीत दोसांझ पर क्यों हुआ एक्शन

पिछले साल दिलजीत दोसांझ पंजाबी फिल्म सरदार जी 3 में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ नजर आए थे. फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई, लेकिन विदेशों में रिलीज की गई और दिलजीत ने लंदन समेत कई शहरों में इसका प्रमोशन भी किया. इसके बाद FWICE ने दिलजीत के खिलाफ काम न करने का आदेश जारी कर दिया. संस्था ने अपने लाखों सदस्यों से दिलजीत के साथ काम न करने को कहा. यहां तक कि टी-सीरीज से भी अपील की गई कि उन्हें बॉर्डर 2 से हटाया जाए. बाद में भूषण कुमार के हस्तक्षेप के बाद दिलजीत को फिल्म की शूटिंग पूरी करने की अनुमति मिल गई. हालांकि संस्था ने साफ कहा था कि उनके खिलाफ कार्रवाई खत्म नहीं हुई है.

Advertisement

मीका सिंह का बैन जल्दी हट गया था

साल 2019 में मीका सिंह भी विवादों में आ गए थे. उन्होंने पाकिस्तान के कराची में एक शादी में परफॉर्म किया था. बताया गया कि ये शादी पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के करीबी व्यक्ति के परिवार में थी. विवाद बढ़ने के बाद FWICE ने मीका सिंह पर बैन लगा दिया. हालांकि बाद में मीका सिंह ने संस्था के अधिकारियों से मुलाकात की और अपनी सफाई दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में उनका परफॉर्म करना सिर्फ एक संयोग था. माफी मांगने के बाद संस्था ने उनका बैन हटा लिया.

रणवीर सिंह का मामला क्यों अलग है

रणवीर सिंह का मामला बाकी विवादों से थोड़ा अलग माना जा रहा है, क्योंकि यहां वजह राजनीति नहीं बल्कि फिल्म छोड़ने का फैसला बताया जा रहा है. संस्था का दावा है कि डॉन 3 की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले रणवीर के पीछे हटने से मेकर्स को बड़ा नुकसान हुआ. खबरों के मुताबिक एक्सेल एंटरटेनमेंट ने करीब 45 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही है. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या रणवीर इस विवाद को बातचीत से खत्म करेंगे या फिर ये मामला और लंबा चलेगा. क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री में इतने बड़े स्तर पर काम रुकने का असर आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी पड़ सकता है.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
अपना बकरा लाइए, काटकर ले जाइए, सऊदी अरब में कैसे होती है कुर्बानी?