25 करोड़ रुपये में 330 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने वाली फिल्म ओटीटी पर रिलीज हो गई है. 25 साल की हीरोइन और 25 साल के हीरो की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाने के बाद छोटे परदे पर आई है. लेकिन दिलचस्प यह है कि फिल्म ओटीटी पर बेशक आ चुकी है, लेकिन सिनेमाघरों में इसे देखने का दर्शकों का जोश खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. हम बात कर रहे हैं मलयालम सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘बेथलहम कुडुम्बा यूनिट (Bethlehem Kudumba Unit)' की. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में थिएटर के बाहर फिल्म देखने के लिए दर्शकों की भीड़ दिखाई दे रही है.
ओटीटी पर भी पहुंची बल्ले बल्ले
बेथलहम कुडुम्बा यूनिट का निर्देशन गिरीश ए.डी. ने किया है. फिल्म में निविन पॉली और ममिता बैजू लीड रोल में हैं. फिल्म ने 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. इसके बाद लंबे थिएट्रिकल रन के बाद 2 अक्टूबर को जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई. फिल्म मलयालम के अलावा हिंदी में भी ओटीटी पर रिलीज हुई है.
ओटीटी रिलीज के बाद आम तौर पर फिल्मों की सिनेमाघरों में कमाई और दर्शकों की संख्या में गिरावट देखने को मिलती है. लेकिन बेथलहम कुडुम्बा यूनिट के साथ ऐसा कतई होता नजर नहीं आ रहा है. सोशल मीडिया पर सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो एक अलग कहानी बताते हैं. वायरल पोस्ट में थिएटर के बाहर लोगों की भीड़ नजर आ रही है.
बॉक्स ऑफिस पर भी बनाया रिकॉर्ड
बेथलहम कुडुम्बा यूनिट का सिनेमाघरों में सफर यात्रा भी काफी चर्चा में रही. फिल्म ने 24 दिन में 300 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन पार कर लिया था. फिल्म मलयालम की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. आईएमडीबी के मुताबिक, इसका बजट 25 करोड़ रुपये है जबकि इसने कलेक्शन 330 करोड़ रुपये किया है.
आखिर क्यों पसंद आ रही है फिल्म?
बेथलहम कुडुम्बा यूनिट रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा है जिसमें प्यार के साथ परिवार, पड़ोस और रिश्तों की हल्की-फुल्की नोकझोंक को जगह दी गई है. फिल्म की खास बात यह भी है कि थिएटर में सफलता के बाद अब ओटीटी पर आने के साथ इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर फिर तेज हो गई है. इसी वजह से सिनेमाघरों में इसे देखने के लिए भीड़ बढ़ती ही जा रही है.