रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन का निर्देश जारी करने के एक हफ्ते बाद, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने अब वह निर्देश वापस ले लिया है. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पूनम ढिल्लों ने सार्वजनिक रूप से एक्टर को सपोर्ट किया. अब पूनम में बताया है कि रणवीर के पिता ने व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क किया और उनको धन्यवाद कहा. सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों ने कहा कि परिवार फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों द्वारा दिखाए गए समर्थन के लिए बहुत आभारी था.
वैरायटी इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में पूनम ढिल्लों ने कहा, "एक एक्टर और CINTAA की प्रेसिडेंट के तौर पर मुझे खुशी है कि उन्होंने निर्देश वापस ले लिया है. हमने शुरू से ही इसका विरोध किया था क्योंकि FWICE के पास उनके जैसे काबिल एक्टर के खिलाफ ऐसा कदम उठाने की कोई विश्वसनीयता नहीं थी." उन्होंने आगे कहा, "एक एक्टर के तौर पर उन्हें अपना काम चुनने का अधिकार है और यह उन पर और प्रोड्यूसर पर निर्भर करता है कि वे इस मामले को कैसे संभालते हैं. वह अपने काम के प्रति जिम्मेदार और प्रतिबद्ध हैं. हमने उनके काम के जरिए यह देखा है."
रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी ने पूनम से किया संपर्क
पूनम ढिल्लों ने 'गली बॉय' और 'दिल धड़कने दो' जैसी फिल्मों के जरिए एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ रणवीर के लंबे समय से चले आ रहे प्रोफेशनल रिश्ते का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा, "जहां तक मुझे पता है, एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध हैं, जिनके साथ उन्होंने 'गली बॉय' और 'दिल धड़कने दो' जैसी फिल्में की हैं. फरहान अख्तर भी एक एक्टर हैं, इसलिए हमारा समर्थन उन्हें भी है. हम नहीं चाहेंगे कि हमारे किसी भी एक्टर को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़े. समस्याओं को हमेशा सुलझाया जा सकता है. हम रणवीर का समर्थन करते हैं क्योंकि वह CINTAA के सदस्य भी हैं." पूनम ढिल्लों ने बताया कि मामला सुलझने के बाद उन्होंने रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी से लंबी बातचीत की.
एक्ट्रेस ने कहा, "मैंने रणवीर के पिता से विस्तार से बात की और हम WhatsApp पर भी बातचीत करते रहे हैं. उन्होंने हमारे सपोर्ट के लिए मेरा शुक्रिया अदा किया. हमने हालात को बेहतर ढंग से समझने के लिए बात की. उन्होंने मुझे बताया कि वे एक्सेल एंटरटेनमेंट के संपर्क में थे और उन्होंने बताया कि वे फरहान और पूरी एक्सेल टीम के कितने करीब हैं. उनकी तरफ से कोई नाराजगी नहीं है. वे इस बात से नाखुश थे कि FWICE ने इस मामले को कैसे संभाला."
यह भी पढ़ें- रियल स्टेट के ‘खिलाड़ी' बनें अक्षय कुमार, मुंबई के बोरीवली में बेचा 7 करोड़ में दो अपार्टमेंट, हुआ दोगुना मुनाफा
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 45 करोड़ रुपये की मांग की थी
बता दें कि रणवीर सिंह के 'डॉन 3' से बाहर होने की खबरों के बाद मामला सुर्खियों में आया था. एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्री-प्रोडक्शन में हुए नुकसान के लिए 45 करोड़ रुपये की मांग की थी और FWICE ने असहयोग का नोटिस जारी किया था. अब जब यह निर्देश वापस ले लिया गया है, तो ऐसा लगता है कि विवाद सुलझने की ओर बढ़ रहा है.