रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज (धुरंधर 2) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. यह स्पाई थ्रिलर फिल्म महज चार दिनों में दुनिया भर में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है. भारत में इसका नेट कलेक्शन लगभग 454 करोड़ रुपये पहुंच गया है और जल्द ही यह 700 करोड़ के पार जा सकती है. विदेशों में, खासकर उत्तरी अमेरिका में, इसका प्रदर्शन शानदार रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में से एक बन सकती है.
ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Review: जया प्रदा ने किया 'धुरंधर 2' का रिव्यू, बोलीं- बुरा कहना बहुत आसान है
उदयबीर संधू का रोल
फिल्म में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रांगी (जिसे हमजा अली मजारी के नाम से भी जाना जाता है) का किरदार निभाया है. इस सीक्वल में उनके बचपन की दोस्ती और बाद में उसमें आए बदलाव की कहानी दिखाई गई है. इसमें अभिनेता उदयबीर संधू ने जसकीरत के बचपन के दोस्त गुरबाज सिंह उर्फ पिंडा का रोल प्ले किया है. पिंडा की एंट्री और उनका डायलॉग "घर की याद नहीं आई तुझे जस्सी?" दर्शकों के दिल को छू गया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
धुरंधर के लिए की कड़ी मेहनत
उदयबीर संधू ने इस रोल के लिए काफी मेहनत की. उन्होंने फिल्म में 20 साल के युवा और 40 साल के आदमी दोनों को दिखाने के लिए 15 किलो वजन बढ़ाया और फिर घटाया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उन्होंने अपनी सीमाओं को पार किया और ढेर सारी मेहनत, पसीना और अनुशासन से यह किरदार तैयार किया. पिंडा का किरदार शुरू में जसकीरत का वफादार दोस्त दिखता है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने पर दोनों के बीच टकराव होता है. फिल्म में उनका दोबारा मिलना ल्यारी में होता है, जहां पिंडा ड्रग्स की लत और स्मगलिंग में फंसा हुआ दिखता है.
कौन है उदयबीर संधू
उदयबीर पहले हॉकी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी थे. उन्होंने पंजाब की टीम के लिए खेला और अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड में हॉकी सीन के लिए कोचिंग भी दी. इसके बाद उन्होंने इम्तियाज अली की अमर सिंह चमकीला में और इक्क कुड़ी में काम किया. उनकी मेहनत और परफॉर्मेंस अब दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. फिल्म अदित्य धर ने डायरेक्ट की है और इसमें आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकार भी हैं. यह धुरंधर की दूसरी और आखिरी कड़ी है, जो बदला, वफादारी और जिंदगी के संघर्ष की कहानी बयां करती है.