दीपिका पादुकोण के 8 घंटे वर्क शिफ्ट वाले मुद्दे ने इंडस्ट्री में काफी चर्चा बटोरी थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने अपने काम के लिए एक तय 8 घंटे की शिफ्ट की मांग रखी थी, ताकि लंबे और अनिश्चित शूटिंग घंटों से बचा जा सके. फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर 10-12 घंटे या उससे भी ज्यादा काम होता है, ऐसे में यह मांग एक बड़े बदलाव की तरह देखी गई. वहीं, NDTV Yuva 2026 में इस पर बात करते हुए एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी. चित्रांगदा ने अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर भी ढेरों खुलासे किए. क्या कहा उन्होंने, आइए जानते हैं.
'प्रोड्यूसर्स बड़े स्टार्स के साथ करते हैं एडजस्ट'
उन्होंने कहा कि फिल्ममेकिंग एक क्रिएटिव प्रोसेस है, जहां कई बार लाइट, लोकेशन या टेक्निकल वजहों से शॉट समय पर नहीं हो पाता. ऐसे में सख्ती से 8 घंटे की सीमा लागू करना हर प्रोजेक्ट में संभव नहीं होता. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बड़े स्टार्स के लिए चीजें अलग होती हैं. अगर किसी फिल्म की शूटिंग किसी बड़े एक्टर पर निर्भर है, तो प्रोड्यूसर्स उनके हिसाब से शेड्यूल एडजस्ट कर लेते हैं. लेकिन हर कलाकार के लिए यह सुविधा मिलना आसान नहीं है.
सलमान के साथ मातृभूमि अगली फिल्म
वर्क फ्रंट की बात करें तो चित्रांगदा सिंह जल्द ही सलमान खान के साथ फिल्म ‘मातृभूमि' में नजर आने वाली हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट है. सलमान खान के साथ काम को लेकर उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में उनके बारे में कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं, लेकिन उनका अनुभव बिल्कुल अलग रहा. चित्रांगदा के अनुसार, सलमान बेहद सहज, प्रोफेशनल और सेट पर सभी का ख्याल रखने वाले इंसान हैं.