पति की राह देखती पत्नी का दर्द बयां करता है ‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया’, प्रियंका सिंह की आवाज ने जीता दिल

छठ पर्व पर खरना के दिन रिलीज हुआ प्रियंका सिंह का छठ गीत सोशल मीडिया पर चर्चा में. विरह, प्रेम और आस्था की अनूठी कहानी फैन्स का दिल छू रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रियंका सिंह का भावुक छठ गीत रिलीज, दिखाया पति से दूर छठ मना रही महिलाओं का दर्द
Social Media
नई दिल्ली:

चार दिवसीय छठ महापर्व के बीच खरना के पावन अवसर पर पॉपुलर प्लेबैक सिंगर प्रियंका सिंह की आवाज में एक बेहद भावुक छठ गीत ‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया' रिलीज हुआ है. भोजपुरी के चर्चित गीतकार मनोज भावुक के लिखे इस गीत में पति की प्रतीक्षा करती एक पत्नी का दर्द, प्रेम और छठी मइया के प्रति अटूट विश्वास बेहद मार्मिक अंदाज में सामने आया है.
छठ के मौके पर प्रियंका सिंह का एक नया गीत रिलीज हुआ है. गीत की कहानी एक ऐसी पत्नी की है जिसका परदेस गया पति छठ पूजा तक घर नहीं लौटा है. छठ की तैयारियों के बीच वह छत पर गेहूं सुखाते हुए भी रास्ता निहारती है. दीपक जलाती है तो उसकी रोशनी में भी उसे अपना पिया ही नजर आता है. वह छठी मइया से अपनी व्यथा छिपा नहीं पाती और कहती है कि मां, क्षमा करना, पूजा में ध्यान लगाने की कोशिश करती हूं, लेकिन मन बार-बार सजन की ओर चला जाता है.

कहानी में इमोशनल मोड़ तब आता है, जब घाट पर पूजा के दौरान पति सकुशल लौट आता है. वह ट्रेन में हुई दुर्घटना और दूसरी ट्रेन से आने के कारण हुई देरी की बात बताता है. पति को सामने देखकर पत्नी की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं. वह भावविभोर होकर कहती है - ‘हे छठी मइया, राउर लीला रउरे बूझीं.' गीत का मुखड़ा ‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया, सुन लिहीं हिया के पुकार' इसकी पूरी संवेदना को समेटे हुए है. मनोज भावुक ने लोकजीवन की सहज भाषा में स्त्री मन की प्रतीक्षा और विरह को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया है. प्रियंका सिंह की दर्दभरी गायकी इस कहानी को और प्रभावशाली बनाती है.

युवा संगीतकार विनीत शाह ने गीत को मधुर संगीत देने के साथ ही वीडियो का निर्देशन भी किया है. म्यूजिक को कम्पोज संतोष रे ने किया है. लाइव तबला, ढोलक और वायलिन राजेश मिश्रा ने बजाया है. गीत प्रियंका सिंह ऑफिशियल के बैनर तले रिलीज हुआ है. ‘बूझीं दरद ए हो छठी मइया' छठ के उल्लास के बीच प्रेम, विरह और आस्था की ऐसी कहानी है, जो हर उस परिवार के दिल को छू सकती है, जहां किसी अपने के घर लौटने का इंतजार होता है.

Featured Video Of The Day
क्या बदल गया रियल एस्टेट मार्केट?
Topics mentioned in this article
Priyanka Singh
Chhath Geet
Bhojpuri Song
Hindi News
Bollywood

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं